News in Brief

ओपी तिवारी/सूरजपुर: अगर जज्बा हो कुछ करने का तो उम्र कभी आड़े नहीं आती है. यह साबित कर दिखाया है सूरजपुर का आरव जायसवाल ने. जो महज आठ साल की उम्र में बड़े-बड़ो के लिए मिसाल बन गया है. अब स्थानीय लोगों से लेकर कलेक्टर तक उसकी तारीफ़ कर रहे हैं. चलिए मिलते हैं आठ वर्षीय मासूम से जो इंसानियत की मिसाल बन गया है.

देश और प्रदेश कोरोना की महामारी से लड़ रहा है. प्रदेश के मुखिया से लेकर जिले के कलेक्टर तक सभी कोरोना की लड़ाई में दान देने की अपील कर रहे हैं. ऐसे में सूरजपुर जिले के केवरा गांव का आठ वर्षीय आरव ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए अपनी गुल्लक को फोड़ कर अपने पैसे कोविड अस्पताल को दान दे दिए है.

पिता से प्रेरित होकर मासूम ने दिया दान
दरअसल कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आम लोगो से कोविड अस्पताल के लिए दान की अपील की थी. इसी दौरान आरव के पिता दीपक जायसवाल जो शिक्षक हैं वे अपने किसी मित्र से फोन पर इसी विषय में बात कर रहे थे. यह बात इस आठ वर्षीय बच्चे के मन को छू गई. उसने भी कोविड अस्पताल को दान देने का मन बना लिया. उसने कई वर्षो से जमा किये गए रुपयों को अपने गुल्लक को तोड़कर सरकार को 9763 रुपये दान दे दिए.

कलेक्टर ने की तारीफ
आरव के इस दान की खूब चर्चा हो रही है. स्थानीय लोगो से लेकर जिले के कलेक्टर गौरव कुमार सिंह तक सभी इस आठ वर्षीय मासूम के मुरीद हो गए हैं और उसके अच्छे भविष्य की कामना कर रहे हैं. साथ ही अन्य लोगो को इस मासूम बच्चे से सिख लेने की बात कह रहे हैं.

बड़ा पैगाम दिया
नन्हे आरव ने अपने हसरतो को कोरोना योद्धाओं के नाम कर एक बड़ा पैगाम दिया है. अगर विपरीत परिस्थियों में हम सभी मिलकर एक दूसरे का सहयोग करें तो कोई भी विपत्ति हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती. इस नन्हे आरव के जज़्बे को हमारा सलाम है.

ये भी पढ़ें: एक जून से MP Unlock! इंदौर को लेकर फैसला आज, ग्वालियर में इन सेवाओं को छूट

WATCH LIVE TV