News in Brief

देहरादून: कोरोना संकट के बीच आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता युद्धस्तर पर सेवा अभियान में जुटे हुए हैं. पिछले तीन दिनों से लगातार आप के कई कार्यकर्ता आप के प्रदेश कार्यालय में कोरोना मुक्त अभियान की किटें बनाने में दिन रात जुटे हैं. इस अभियान के तहत आप पार्टी, प्रदेश के गांवों में कोरोना की लहर को देखते हुए ‘हर गांव कोरोना मुक्त अभियान’ चला रहे हैं. 

कोरोना काल में जहां-जहां पहाड़ों में स्वास्थ्य सेवाएं नहीं पहुंच पाई हैं, वहां के लिए ये अभियान वरदान साबित होगा. इसमें जांच केंद्रों में सभी जरूरी उपकरण के साथ जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन की व्यवस्था भी की जाएगी. पहाड़ों में लोगों को इस पेंडेमिक में मदद मिल सके इसके लिए पिछले तीन दिनों से आप के प्रदेश कार्यालय में कई कार्यकर्ता युद्धस्तर पर किटों को बनाने की तैयारियां पर लगे हैं. 

बुधवार को आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रविन्द्र आंनद ने प्रदेश कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि आप पार्टी द्वारा शुरू किए गए हर गांव कोरोना मुक्त अभियान को सफल बनाने के लिए पार्टी अपनी टीमों के माध्यम से प्रत्येक गांवों में आईआर थर्मामीटर, ऑक्सीमीटर, थर्मल स्कैनर, सैनिटाईजर और दवाइयां समेत मेडिकल किट बनाने का काम पिछले तीन दिनों से कर रही है. अब सभी तैयारियां पूरी होने पर ये किटें कल पहाड़ों के लिए प्रदेश कार्यालय से रवाना की जाएगी.  

आप प्रवक्ता ने बताया कि इस अभियान के तहत पहले चरण में प्रदेश के हर विधानसभा के 50 गांवों में आप पार्टी ऑक्सीजन जांच केन्द्र खोलेगी. जिसके लिए आप के 10000 कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर इस अभियान को लीड करेंगे. इसमें गांवों में ऑक्सीजन जांच केंद्रों में सभी व्यवस्थाएं आप द्वारा की जायेगी और इसके साथ दवाइयों की एक मेडिकल किट भी होगी, जो जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई जाएगी. ताकि उनके ही गांवों में उन्हें जरूरी सुविधाएं मिल सके. उन्होंने बताया कि दूसरी लहर ने शहरों के साथ अब गांवों को भी अपनी चपेट में ले लिया है, जिससे लोगों में लगातार संक्रमण फैलता जा रहा है. लेकिन सरकार गांवों को संक्रमण से बचाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है. जबकि आप पार्टी लगातार लोगों तक मदद पहुंचाने का काम कर रही है.  

गढ़वाल और कुंमाऊ दोनों ही मंडलों के गांवों के लिए जरूरी सामान इस अभियान के तहत भेजा जा रहा है. आप प्रवक्ता  ने बताया कि पहाडों में डॉक्टर और स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के कारण लोगों को स्वास्थ्य लाभ नहीं मिल पाता, जिस वजह से पार्टी ने प्रत्येक गांव में ऑक्सीजन जांच केन्द्र खोलने जा रही है. इसके पहले चरण में हर विधानसभा के 50 गांवों में इस अभियान की शुरुआत हो चुकी है.  

WATCH LIVE TV