News in Brief

मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व गेंदबाजी कोच डेविड साकर का मानना है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को 2018 में गेंद से छेड़छाड़ मामले से जुड़ी अपनी जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करना चाहिए, क्योंकि उन्हें लगता है कि इससे इस घटना से जुड़े सवालों पर विराम भी लग सकता है.

फिर से चर्चा में आया गेंद से छेड़छाड़ का मसला

गेंद से छेड़छाड़ का मसला हा​ल में फिर से तब चर्चा में आया जब इस घटना से जुड़े कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने संकेत दिए थे कि टीम के गेंदबाज गेंद की शक्ल बिगाड़ने के ​लिए रेगमार का उपयोग करने की साजिश से वाकिफ थे. डेविड साकर तब टीम के गेंदबाजी कोच थे. 

पूर्व कोच ने अचानक उठाई राज खोलने की मांग

डेविड साकर ने कहा था कि वह भी इस घटना के लिए जवाबदेह हो सकते हैं. इस घटना के कारण बैनक्रॉफ्ट, तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और उप-कप्तान डेविड वॉर्नर पर प्रतिबंध लगा था. साकर ने स्थानीय मीडिया से कहा, ‘मुझे इसको सार्वजनिक नहीं करने का कोई कारण नजर नहीं आता है, लेकिन वे इस मामले को कैसे संभालना चाहते हैं, यह उन पर निर्भर करता है.’ 

लगातार उठते रहेंगे सवाल

डेविड साकर से पूछा गया कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) को इस रिपोर्ट को क्यों सार्वजनिक करना चाहिए, उन्होंने कहा, ‘क्योंकि ये सवाल लगातार उठते रहेंगे और हो सकता है कि इसको सार्वजनिक करने के बाद ऐसे सवालों पर विराम लग जाए. वैसे मुझे नहीं लगता कि ऐसा होगा. सवाल फिर भी उठते रहेंगे.’

रिवर्स स्विंग हासिल करने के लिए था प्लान 

डेविड साकर ने कहा, ‘इसमें कोई संदेह नहीं कि मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं थी कि रेगमार का इस्तेमाल किया जा रहा है. मैं सिर्फ इतना जानता था कि गेंद से रिवर्स स्विंग हासिल करने के लिये आम रणनीति अपनाई जा रही है.’