

Dhanbad: झारखंड में कोरोना संकट के बीच धनबाद से एक अच्छी खबर आई है. धनबाद IIT और ISM के छात्रों ने इतिहास रच दिया है. IIT-ISM के सात छात्रों को 54 लाख 57 हजार रुपये के सालाना पैकेज पर गूगल ने ऑफर दिया है. जैसे ही इस बात की जानकारी लोगों को मिली, उन्होंने छात्रों को बधाई देना शुरू कर दिया.
जिन छात्रों को गुगल की तरफ से ऑफर मिला है, उनके नाम नव्या श्रीवास्तव, अनुष्का मित्तल, अखिल बिनानी, ज्योति कुमारी, शिवांश अवस्थी, पवन मोहन डोगरा और विशाल कुमार सोम है. ये सभी कंप्यूटर साइंस के छात्र हैं. साल 2021 बैच का ये अब तक का सर्वाधिक पैकेज है. इससे पहले जापानी कंपनी लिंकविज ने 48 लाख 31 हजार रुपए का पैकेज छात्रों को दिया था.
गौरतलब है कि अप्रैल में गूगल ने तीन छात्रों को 44 लाख रुपये सालाना पैकेज का ऑफर दिया था. अब तक बीटेक समेत अन्य कोर्स के 656 छात्र-छात्राओं का कैंपस प्लेसमेंट हो चुका है. कैंपस प्लेसमेंट के लिए अब तक 144 कंपनियां रजिस्टर्ड हैं.
ये भी पढ़ेंः बिहार सरकार ने HC में दिया हलफनामा, कहा-कोरोना जांच के लिए सभी जिलों में होगी RT-PCR लैब
वहीं, कोरएआई ने ईई के एक छात्र को सलेक्ट किया है. इसके अलावा माइक्रोसॉफ्ट रिसर्च लैब इंडिया ने ईई के एक छात्र मिलिंद राय को चुना है. कॉलेज के 7 छात्रों को 54.57 लाख रुपए सालाना पैकेज मिलने के बाद आईआईटी आईएसएम के छात्र-छात्राओं में खूब उत्साह देखने को मिल रहा है.

