
प्रमोद सिन्हा/ खंडवा: 16 हजार फिल्मी गाने गाने वाले, 8 फिल्म फेयर आवर्ड लेने वाले ‘दादा’ का घर खंडहर में तब्दील हो गया है. हम बात कर रहे है हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार के जर्जर हो चुके पुश्तैनी मकान के बारे में जी एमपीसीजी पर दिखाई गई खबर का व्यापक असर हुआ है.
निगम की टीम ने किया मुआयना
दरअसल, इस खबर के बाद जिला प्रशासन की ओर से अनुविभागीय अधिकारी और नगर निगम की टीम इस मकान में पहुंची थी और इसे सुरक्षित रखने के उपायों पर विचार करती नज़र भी आई. साथ ही जैसे ही उनके प्रशंसकों को इसकी भनक लगी तो एक बार फिर शासन स्तर पर इस पुश्तैनी मकान को अधिग्रहित कर किशोर कुमार की याद में एक संग्रहालय बनाने की बात जोर पकड़ने लगी है.
सुरक्षित रखने पर हुआ मंथन
आपको बता दें कि खंडवा के मुंबई बाजार मेन रोड पर हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार का पुश्तैनी मकान है. यह मकान बहुत ही जर्जर हालत में पहुंच चुका है. 4 साल पहले खंडवा नगर निगम ने इसे असुरक्षित घोषित कर नोटिस चस्पा किया था. मानसून सीजन के पहले एक बार फिर यह जर्जर मकान चर्चा में है. जी न्यूज पर खबर दिखाए जाने के बाद अनुविभागीय अधिकारी और नगर निगम की टीम इस मकान को देखने पहुंची. SDM ममता खेड़े ने खस्ता हालात में पहुंच चुके इस मकान को कैसे सुरक्षित रखा जाए इस पर विचार किया.
संग्रहालय बनाने की दिशा में प्रशासनिक कदम
खबर लगते ही खंडवा के स्थानीय कलाकार और किशोर कुमार के प्रशंसकों की संस्था किशोर प्रेरणा मंच के अध्यक्ष रणवीर सिंघ चावला भी मौके पर पहुंचे. यहां अनुविभागीय अधिकारी ने इस मकान को किशोर कुमार की याद में संग्रहालय बनाने के बारे में अभी तक संस्था की ओर से किए गए प्रयासों के बारे में चर्चा की. स्थानीय कलाकार इस बात से खुश हैं कि एक बार फिर इस पुश्तैनी मकान को संग्रहालय बनाने की दिशा में प्रशासनिक कदम बढ़ते दिखाई दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें: खुशखबरीः एमपी के इस शहर ने बनाया रिकॉर्ड, एक दिन में सबसे ज्यादा लोगों को लगाई वैक्सीन; पूरे देश में भी अव्वल
WATCH LIVE TV
