
Gaya: बिहार के गया जिले में शुक्रवार को शराब के नशे में धुत्त सीआरपीएफ के एक जवान ने अपने दो नाबालिग बच्चों के सामने अपनी पत्नी की इसलिए गला घोंटकर हत्या कर दी, क्योंकि वह उसे घर में और अधिक शराब पीने के लिए मना कर रही थी.
पुलिस ने शुक्रवार शाम यह जानकारी दी. मृतक, जिसकी पहचान सारिका कुमारी (36) के रूप में हुई है, जिले के बंधुआ गांव के एक सरकारी माध्यमिक विद्यालय में संविदा शिक्षिका (कॉन्ट्रेक्ट टीचर) थी.
पुलिस ने बताया कि तीन दिन पहले सरकारी छुट्टी पर अपने गांव आए आरोपी दिलीप कुमार ने शुक्रवार की सुबह शराब पी थी. गया सदर थाने के जांच अधिकारी आर. एम. सिंह ने कहा, बाहर से शराब पीकर घर लौटने पर आरोपी ने सारिका और अपने दो बच्चों को बेडरूम से चले जाने को कहा क्योंकि वह और अधिक पीना चाहता था.
जब सारिका ने इस पर आपत्ति जताई और उसे बाहर शराब पीने के लिए कहा, तो इससे वह गुस्सा हो गया. अधिकारी ने कहा कि मौखिक द्वंद्व के बाद, दिलीप ने गुस्से में आकर पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की. उसने सारिका की गला दबाकर हत्या कर दी.
ये भी पढ़ें- देशी कंपनी को 30 करोड़ वैक्सीन बनाने के लिए 1500 करोड़ एडवांस देगी केंद्र सरकार: सुशील मोदी
बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी तुरंत उनके घर आ पहुंचे. पड़ोसियों में से एक ने स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी. अधिकारी ने कहा, हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
(इनपुट- आईएएनएस)
