News in Brief

Gopalganj: पिछले साल गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड में सारण तटबंध ध्वस्त होने के बाद रिंग बांध की मरम्मती का काम शुरु किया गया था. लेकिन एक साल गुजर जाने के बाद भी रिंग बांध की मरम्मत का काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है. इतना ही नहीं, करोड़ों की लागत से हो रहे बांध मरम्मत के काम में भारी अनियमितता बरती जा रही है. इससे ग्रामीणों में नाराजगी है. वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि बांध के ऊपर और नदी के तेज बहाव को रोकने के लिए जिओ बैग में लोकल बालू की जगह मिट्टी डाली जा रही है. जो पानी के बहाव के साथ ही बह जा रही है.

ये भी पढ़ेंः बेतिया में राशन ना मिलने से ग्रामीण परेशान, घंटों डीलर के खिलाफ किया प्रदर्शन

दरअसल पिछले साल गोपालगंज जिले में सबसे पहले बरौली प्रखंड के देवापुर में रिंग बांध टूटा था. इस रिंग बांध के टूटने के कुछ घंटे बाद ही सारण तटबंध भी ध्वस्त हो गया. इससे जिले के कई गांव में भीषण बाढ़ आ गई थी. साथ ही गोपालगंज के अलावा सीवान और छपरा के कई प्रखंड पूरी तरह जलमग्न हो गए थे और बरौली प्रखंड मुख्यालय का चारो तरफ से सम्पर्क टूट गए थे. 

हालांकि, बाद में जल संसाधन विभाग की ओर से रिंग बांध की मरम्मती का काम शुरु कर दिया गया. लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी बरौली के देवापुर में अब तक रिंग बांध की मजबूती और मरम्मती का कार्य पूरा नहीं हो सका है. जबकि सरकार की ओर से बांध मरम्मती के लिए करोड़ों रुपये दिए गए. इसके बावजूद भी समय पर काम पूरा नहीं हो पाया है. 

ये भी पढ़ेंः बिहार की सड़कों की हालत खस्ता! RJD ने कहा- पूरा पटना भगवान भरोसे हैं

वहीं, स्थानीय उद्योगपति दिलीप सिंह का कहा कि ‘पहली बारिश से बांध में कटाव हो गया था. ऐसे में जब गंडक नदी में पानी बढे़गा तो बाढ़ के समय यह बांध टूट जाएगा और एक बार फिर इलाके के लोगों को बाढ़ की त्रासदी झेलनी पड़ेगी.’

इधर, जब इस मामले पर जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता प्रकाश दास से बात की गई तो उन्होंने कहा कि ‘रिंग बांध की मजबूती को लेकर लड़की से पायलिंग की जा रही है और सभी काम समय से पूरा कर लिए जाने का भरोसा दिया हैं. 

(इनपुट-अनुज आनंद)