
Madhubani: मधुबनी लदनियां थाना क्षेत्र के पद्मा गांव में ट्रैक्टर चोरी करने पहुंचे नेपाली चोरों की लोगों ने पकड़ कर जमकर पिटाई की जिसके बाद उनकी अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई.
दरअसल, चोर पद्मा गांव के कुंदन मिश्रा के दरवाजे पर खड़े ट्रैक्टर को चोरी करने की फिराक में थे. इस दौरान ट्रैक्टर स्टार्ट होने की आवाज पर घर के लोगों की नींद टूटी और उन्होंने देखा कि कुछ चोर ट्रैक्टर की चोरी कर भगा ले जाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसके बाद लोगों ने चोरों को पकड़ कर खदैड़ डाला. इस दौरान दो चोर भाग गए लेकिन एक चोर को लोगों ने दबोच लिया.
ग्रामीणों ने उक्त आरोपी की बेरहमी से पिटाई करने के बाद पुलिस को घटना की सूचना दी. जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर भीड़ से युवक को अपने कब्जे में लेने के बाद उसे बेहोशी की स्थिति में इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया.
ये भी पढ़ें- Madhubani Crime News: पुलिस ने किया शातिर चोरों का प्लान फेल, 1 लाख 3 हजार नगद के साथ 2 बाइक बरामद
जानकारी के अनुसार, मृतक चोर नेपाल के सिरहा जिले के निवासी था और बॉर्डर इलाके में चोरी के लिए पहुंचा था. इस बाबत पुलिस ने मृतक के परिजन को सूचना भेजकर बुलाया. परिजनों की माने तो मृतक सिकंदर यादव नेपाल में जेसीबी चलाता था. सिकंदर शाम से घर से गायब था और लोग उसे खोज कर रहे थे तभी मौत की सूचना मिली.
वहीं, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया है. साथ ही पुलिस फरार चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
(इनपुट- बिन्दु भूषण ठाकुर)
