
Darbhanga: बिहार में एक बार फिर अपराधी बेखौफ हो रहे हैं. दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव स्थित बदमाशों ने रंगदारी के लिए एक पिकअप वैन पर गोली चलानी शुरू कर दी. जिसके बाद वो चालक और पिकअप वैन को बदमाश अपने घर ओझौल ले गए. इसके बाद उन्होंने चालक को रस्सी से बांधने के बाद रंगदारी की मांग की. जिसके बाद डर की वजह से चालक ने पांच हजार रूपये दिए.
इसके बाद चालक की शिकायत पर सदर एसडीपीओ अनोज कुमार के नेतृत्व में कई थाने की पुलिस ने ओझौल गांव के अनिल सिंह के घर छापेमारी की. जिसके बाद पुलिस ने अनिल सिंह के भाई और पुत्र के एक दोस्त को पकड़ लिया.हालांकि अनिल सिंह के पुत्र चंदन सिंह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए.
पुलिस ने तलाशी में एक पिस्टल, एक कट्टा, दो मैगजीन, 25 कारतूस सहित एक बुलेट को बरामद किया है. बता दें कि कई आपराधिक मामले में अनिल सिंह और उनके दो पुत्र पहले से जेल में बंद है.
मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ कुमार ने बताया कि घटना में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. चंदन सिंह सहित अन्य को को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. जब्त हथियार के विषय में पूछताछ की जा रही है. रंगदारी और फायरिग मामले की प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पीड़ित व बिहार शरीफ के मानपुर थानाक्षेत्र निवासी राजीव कुमार ने बताया कि वह पिकअप वैन से गरी-छुहरा लेकर मधुबनी के घोघरडीहा जा रहे थे. इस बीच ओझौल गांव के पास बाइक सवार तीन लोगों ने उनका पीछा किया. इससे डरकर अपनी गाड़ी की रफ्तार को तेज कर दिया लेकिन, तब तक उनके गाड़ी के टायर को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने फायरिग की.
उन्होंने आगे कहा कि इसके बाद डर की वजह से उन्होंने गाड़ी रोक दी. इसके बाद बाइक सवार बदमाशों ने राजीव और गाड़ी को अपने घर ले गए. जहां चालक की गलती से मोबाइल फूट जाने की बात कहते हुए आरोपितों पांच हजार रुपये की मांग की. इसके बाद वो किसी तरह से वो जान बचाकर भागने में सफल हुआ.
