
Giridih: दिल्ली के निहाल विहार में हुई हत्या के आरोपी मो. असलम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इस दौरान दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस की सहायता से ये गिरफ्तारी की है. इस गिरफ्तारी के बाद इलाके के लोग हैरान हैं.
इसके बाद आरोपी ने अपने गुनाह को कबूल कर लिया है. वहीं, इस मामले की जानकरी देते हुए दिल्ली के निहाल विहार के SI अमित नारा ने बताया कि अनिल साहु दिल्ली के निहाल विहार में अपनी पत्नी ज्योति और दो बच्चों के साथ एक किराये के फ्लैट में रहकर प्लेसमेंट जॉब करता था. दो जून को अनिल साहू की पत्नी ज्योति ने फोन कर अपने पति की हत्या होने की सूचना पुलिस को दी थी.
उन्होंने आगे बताया कि हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस की टीम को ज्योति की भूमिका पर संदेह हुआ. मृतक अनिल के चेहरे और गर्दन पर करीब 40 से 50 बार से अधिक ब्लेड से वार किया गया था और ज्योति के कपड़े भी खून से सने थे. इसके बाद पूछताछ के क्रम में ज्योति ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली थी.
जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि जिसके बाद पुलिस लगातार ज्योति के प्रेमी और अनिल के हत्या में शामिल आरोपी मो. असलम की तलाश कर रही थी. मो. असलम दिल्ली के दूसरे इलाके में रहकर काम करता था. वर्ष 2019 में ज्योति और मो. असलम के बीच बातचीत शुरू हुई थी और इसके बाद दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया. दोनों एक-दूसरे से मिलने-जुलने लगे. इसी के बाद दोनों ने मिलकर हत्या की पूरी साजिश रच डाली.
ये भी पढ़ें- BPSC 64th Final Result: बीपीएससी 64वीं परीक्षा का रिजल्ट जारी, ऐसे देखें परिणाम
ज्योति ने पुलिस को बताया कि पहले उसने अपने पति को नींद की गोली देकर सुला दिया था. इसके बाद प्रेमी के साथ मिलकर ब्लेड से वार कर अनिल की निर्मम हत्या कर दी.
(इनपुट: मृणाल सिन्हा)
