
लंदन: भारतीय कप्तान विराट कोहली और न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन मैदान पर कड़े प्रतिद्वंद्वी हैं, लेकिन मैदान के बाहर बहुत अच्छे मित्र भी हैं. केन विलियमसन को लगता है कि 18 जून से साउथेम्प्टन में होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के फाइनल के लिए भारतीय कप्तान विराट कोहली के साथ टॉस के लिए जाना शानदार अनुभव होगा.
कोहली के साथ टॉस को बेताब विलियमसन
विलियमसन से जब भारतीय कप्तान विराट कोहली के खिलाफ 2008 में अंडर-19 वर्ल्ड कप के दिनों से चल रही प्रतिद्वंद्विता के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, ‘हम विभिन्न स्तर और प्रतियोगिताओं में एक दूसरे के खिलाफ खेले हैं और एक दूसरे को बहुत अच्छी तरह से जानते हैं.’
विलियमसन ने भारतीय गेंदबाजों को बताया दुनिया में बेस्ट
विलियमसन ने कहा, ‘इसलिए वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के फाइनल में विराट कोहली के साथ टॉस के लिए मैदान पर उतरना काफी अच्छा होगा.’ विलियमसन ने कहा कि वह भारतीय गेंदबाजी की मजबूती और हाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में उनकी ऐतिहासिक जीत से अच्छी तरह वाकिफ हैं.
भारत टेस्ट रैंकिंग में टॉप पर
विलियमसन ने कहा, ‘भारत के पास शानदार आक्रमण है. वह निश्चित तौर पर एक बेहतरीन टीम है. हमने उनकी मजबूती को देखा है. निश्चित तौर पर हमें ऑस्ट्रेलिया में ऐसा देखने को मिला.’ विलियमसन ने कहा, ‘उनकी तेज गेंदबाजी और स्पिन विभाग मजबूत है. वह बेहतरीन टीम है और रैंकिंग में टॉप पर है जो कि सही है.’
साउथेम्प्टन की पिच पर कम घास होगी
विलियमसन ने कहा, ‘फाइनल में एक सर्वश्रेष्ठ टीम का सामना करना हमारे लिए शानदार मौका है.’ अलग तरह की परिस्थितियों में ड्यूक गेंदों से खेलना और बारिश की संभावना दोनों विलियमसन के दिमाग में हैं. उन्हें उम्मीद है कि फाइनल से पहले साउथेम्प्टन की पिच पर कम घास होगी.
पिच पर रोलर चलाया जा सकता है
विलियमसन ने कहा, ‘साउथेम्प्टन की पिच पर थोड़ी घास कट सकती है और उस पर रोलर चलाया जा सकता है. मैं अभी टीम के बारे में नहीं जानता. देखते हैं कि परिस्थितियां कैसी होती है. हमने अभी तक प्रत्येक दिन बारिश देखी है. भिन्न परिस्थितियों में ड्यूक गेंदों का सामना करने का अनुभव हासिल करना अच्छा है.’
