
भोपाल: मध्य प्रदेश में कोरोन की रफ्तार लगातार कम होती जा रही है. प्रदेश में एक दिन में अब तक के सबसे कम कोरोना मरीज मिले हैं. आज प्रदेश में 571 कोविड मरीज मिले है. खास बात यह है कि आठ जिले ऐसे रहे जहां एक भी मरीज नहीं मिला. लगातार कम होते मरीजों से प्रदेश की पॉजिटिविटी दर और एक्टिव मरीजों की संख्या कम होती जा रही है.
एक्टिव केसों में हो रही गिरावट
प्रदेश में कोरोना मरीजों की गिरावट से एक्टिव केसों में भी लगातार कमी हो रही है. अब केवल 8860 एक्टिव केस ही बचे हैं. जिनमें से कुछ मरीजों का अस्पतालों में तो कुछ मरीजों का होम आईसोलेशन में इलाज चल रहा है. आज प्रदेश में कुल 1782 मरीज स्वस्थ हुए. जबकि 32 कोरोना मरीजों की मौत हो गई.
हालांकि इंदौर और भोपाल में कोरोना मरीज कम तो रहे हैं. लेकिन यहां अभी भी 100 से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं. आज इंदौर में सबसे ज्यादा 202 और भोपाल में 131, जबलपुर में 54 और ग्वालियर में 12 नए कोरोना मरीज मिले हैं. हालांकि जिला प्रशासन का कहना है कि यहां फिलहाल तेजी से टेस्टिंग का काम किया जा रहा है.
इन जिलों ने नहीं मिला एक भी मरीज
सबसे अच्छी बात यह है कि प्रदेश के 8 जिलों में एक भी कोरोना मरीज नहीं मिला. इन जिलों में बुरहानपुर ,अलीराजपुर ,खण्डवा ,डिंडोरी,गुना ,टीकमगढ़ ,कटनी और विदिशा शामिल है. जहां आज एक भी कोविड मरीज दर्ज नहीं हुआ. जबकि कई जिलों में 10 से भी कम मरीज मिले हैं. जिससे प्रदेश के लोगों ने राहत की सांस ली है.
ज्यादा से ज्यादा होगा वैक्सीनेशन
वहीं प्रदेश सरकार ने प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा वैक्सीनेशन की योजना बनाई है. हालांकि पीएम मोदी के संबोधन के बाद अब वैक्सीनेशन का पूरा जिम्मा केंद्र सरकार का है. केंद्र सरकार द्वारा 18+ के लोगों के लिए राज्यों को मुफ्त वैक्सीन देने के ऐलान पर सीएम शिवराज ने खुशी जाहिर की है. सीए शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वैक्सीनेशन का यह अभियान अब सफलतापूर्वक और सुचारू रूप से चल सकेगा. सीएम ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग वैक्सीन लगवाए क्योंकि कोरोना से लड़ने में यह सबसे बड़ा हथियार है.
ये भी पढ़ेंः आ गई भोपाल अनलॉक की डेटलाइन, इन गाइडलाइंस के साथ खुलेगा पूरा मार्केट
WATCH LIVE TV
