
सत्यप्रकाश/रायपुरः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना वैक्सीन पर बड़ा ऐलान किया. पीएम ने कहा कि देश में सभी को कोरोना वैक्सीन मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएगी. पीएम मोदी ने कहा कि देश में 18 साल से ऊपर से सभी लोगों को वैक्सीन लगाने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी. पीएम मोदी के इस ऐलान पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि फ्री वैक्सीनेशन की घोषणा देरी से लिया गया निर्णय. वैक्सीन की निरंतर आपूर्ति ही सबसे बड़ी चुनौती है.
सीएम बघेल ने कहा कि पीएम ने जो घोषणा की है, यह ऐलान हमने विधानसभा में बजट सत्र में ही यह कर दिया था कि छत्तीसगढ़ में हम हर व्यक्ति का फ्री वैक्सीनेशन करेंगे. केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य कार्यकर्ता, फ्रंटलाईन वर्कर और 45 वर्ष के अधिक आयु के लिए तो फ्री वैक्सीनेशन की व्यवस्था की थी. लेकिन जब 18 से 44 आयु वर्ग की बात आयी तो उन्होंने यह राज्यों के ऊपर छोड़ दिया. तब भी सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री से फ्री वैक्सीनेशन की मांग की थी. लेकिन उन्होंने तब सुना नहीं था. बाद में राज्यों ने अपने खजाने से वैक्सीनेशन की व्यवस्था की थी.
समस्या वैक्सीन की पूर्ति की है
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सबसे बड़ी समस्या है कि वैक्सीन पूर्ती कैसे होगी. एक मई से 7 जून तक छत्तीसगढ़ में केवल 9 लाख 38 हजार 530 वैक्सीन डोज ही प्राप्त हुए. ये रफ्तार वैक्सीन उपलब्ध कराने की रही है. जब वैक्सीन ही उपलब्ध नहीं करा पा रहे है तो डोज कैसे लगेंगे. उन्होंने कहा है कि राज्यों पर जो आरोप लगाए जा रहे है वो गलत है. जब वैक्सीन ही उपलब्ध नहीं करा पा रहे है तो सभी को डोज कैसे लगेंगे.
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह ने कही यह बात
वहीं पीएम मोदी के ऐलान पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि सभी के लिए मुफ्त टीकाकरण 6 महीने पहले ही लागू हो जाना चाहिए था. लेकिन देर आए, दुरुस्त आए यह फैसला लिया गया है. टीएस सिंहदेव ने कहा कि ‘सबको एक बात की चिंता करनी चाहिए कि वैक्सीन कैसे उपलब्ध हो?
बता दें कि सरकार की ओर से दी गयी जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक 1.5 करोड़ वैक्सीन डोसेज का ऑर्डर कोवैक्सीन और कोविशील्ड वैक्सीन दोनो उत्पादक कंपनियों को दिया गया है. जिसके विरुद्ध अब तक 14 लाख 18 हजार 700 डोसेज ( 11 लाख 66 हजार 630 कोविशील्ड डोज और 2 लाख 52 हजार 70 कोवैक्सीन डोज ) के लिए कुल 47 करोड़ 34 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है.
इसके विरुद्ध 18-44 वर्ष आयु समूह के लिये अब तक 9 लाख 38 हजार 530 डोज प्राप्त हुई है, जिसमें 1.5 लाख कोवैक्सीन डोज 1 मई 2021 को, 3.5 लाख डोज कोविशील्ड वैक्सीन 8 मई 2021 को, 2 लाख 97 हजार 110 डोज कोविशील्ड वैक्सीन 15 मई 2021 को एवं 1 लाख 41 हजार 420 डोज कोविशील्ड वैक्सीन 5 जून 2021 को प्राप्त हुई है. 6 जून तक 18-44 वर्ष आयु वर्ग के करीब 8 लाख 31 हजार 281 लाभार्थियों का टीकाकरण (कोवैक्सीन एवं कोविशील्ड वैक्सीन) किया जा चुका है.
21 जून से मुफ्त मिलेगा टीका
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने विदेश से भी दवाओं के आयात में कोई कसर नहीं छोड़ी. मोदी ने कहा, ‘आज ये निर्णय़ लिया गया है कि राज्यों के पास टीकाकरण से जुड़ा जो 25 प्रतिशत काम था, उसकी जिम्मेदारी भी भारत सरकार उठाएगी. ये व्यवस्था आने वाले 2 सप्ताह में लागू की जाएगी. इन दो सप्ताह में केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर नई गाइडलाइंस के अनुसार आवश्यक तैयारी कर लेंगी.’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘उम्मीद है कि 21 जून से 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकारों को मुफ्त वैक्सीन देगी. किसी भी राज्य सरकार को टीके पर कुछ खर्च नहीं करना होगा.
ये भी पढ़ेंः छत्तीसगढ़: जल्द खुलेंगे स्कूल? School शिक्षा मंत्री ने दिए संकेत
WATCH LIVE TV
