
Patna: पटना के गोविंद मित्रा रोड में दिनदहाड़े अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया. लूटपाट के बाद जब अपराधी भागने लगे उसी दौरान स्थानीय लोगों ने एक अपराधी को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी.
पकड़ा गया आरोपी खुसरूपुर का रहने वाला है और उसका नाम प्रणय कुमार बताया जा रहा है. पुलिस ने घायल आरोपी को गंभीर हालत में पीएमसीएच में भर्ती कराया है. इस वारदात से एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगा है क्योंकि गोविंद मित्रा रोड पर पुलिस की चौकी है.
कैसे हुई घटना?
गोविंद मित्रा रोड में श्याम फार्मा है. सुबह जैसे ही दुकान खुली, एक बदमाश वहां पहुंचा जबकि दो बदमाश बाइक लेकर बाहर खड़े थे. अपराधी दुकानदार से बैग छिनने की कोशिश कर रहा था, जब दुकानदार ने विरोध किया तो उसने हथियार से सिर पर वार कर दिया जिससे दुकानदार घायल हो गया.
इसी दौरान बदमाश बैग लेकर भागने लगा. इसी दौरान शोर हुआ और आसपास मौजूद लोगों ने भागते हुए बदमाश को धर दबोचा, इसी बीच बाइक पर मौजूद दो बदमाश फरार हो गए.
ये भी पढ़ें- बिहार में ‘खाकी’ की निष्पक्षता पर BJP ने उठाए सवाल, NDA में जमकर ‘नूरा-कुश्ती’!
बैग में किया था?
पुलिस ने पकड़े गए बदमाश से जो बैग बरामद किया है उसमें 19 हजार रुपए कैश और लैपटॉप मिला है. दुकानदार ने जो पुलिस में बयान दिया है उसके मुताबिक बैग में इसके अलावा 500 नोटों की तीन गड्डियां भी थी मतलब डेढ़ लाख रुपए और था जिसका पता नहीं चल पाया है.
कहां पहुंची पुलिस की जांच?
वारदात के बाद जब बदमाश पकड़ा गया और लोग उसे पिटने लगे इसी दौरान चौकी की पुलिस वहां पहुंच गई. पुलिस ने किसी तरह लोगों के कब्जे से बदमाश को छुड़ाया और उसे अस्पताल भिजवाया. मौके पर पहुंचे टाउन डीएसपी सुरेश प्रसाद ने बताया कि ” स्थानीय लोगों ने बदमाश को पकड़ा और उसकी जमकर पिटाई की, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया है.
घायल अपराधी का इलाज कराया जा रहा है. साथ ही लूट का 19 हजार रुपया और लैपटॉप बरामद कर लिया गया है. अन्य दो फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है.”
क्यों प्रसिद्ध है गोविंद मित्रा रोड?
यहां बिहार की सबसे बड़ी दवा मंडी है. यहां से पूरे बिहार और आसपास के राज्यों में भी दवा की सप्लाई की जाती है. देश भर से कारोबारी यहां आते-जाते रहते हैं. ऐसे में यहां सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी भी खोली गई है. यहां से थोड़ी ही दूर पर पीरबहोर थाना भी है.
