News in Brief

Jaipur: राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार को कांग्रेस के सुझाव को मानते हुए सभी के लिए नि:शुल्क टीकाकरण की घोषणा करनी पड़ी है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को टीके के उत्पादन को बढ़ाकर हर नागरिक तक शीघ्र टीका पहुंचाना चाहिए.

पायलट ने ट्वीट किया, ‘कांग्रेस पार्टी ने सदैव स्वस्थ व खुशहाल भारत के निर्माण को प्राथमिकता दी है. कोरोना महामारी से मुकाबले के लिए कांग्रेस ने देश के प्रत्येक नागरिक को निशुल्क टीका उपलब्ध करवाने की मांग की थी. अंततः आज केंद्र सरकार ने यह सुझाव मानकर सभी के लिए निशुल्क टीकाकरण की घोषणा की है.‘

ये भी पढ़ें-PM बताएं किस राज्य ने 18-44 साल के लोगों के लिए टीका खरीदकार लगाने की मांग की: गहलोत

उन्होंने कहा, ‘भारत विश्व की सर्वश्रेष्ठ टीका निर्माता श्रेणी में है, फिर भी देश में टीके की कमी होना दुर्भाग्यपूर्ण है. केंद्र सरकार को टीके के उत्पादन को बढ़ाकर हर नागरिक तक शीघ्र टीका पहुंचाना चाहिए ताकि संक्रमण की तीसरी लहर को रोका जा सके व ठप पड़ी अर्थव्यवस्था पुनः सुचारू हो सके.’

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को कहा कि अब 18 से 44 साल के आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण के लिए भी राज्यों को टीका मुफ्त में उपलब्ध कराया जाएगा और अगले दो सप्ताह में इससे जुड़े दिशा-निर्देश तय कर लिए जाएंगे.

ये भी पढ़ें-Rajasthan में Covid Vaccine की Audit! खंड, जिला और राज्य स्तर पर टीमों का गठन 

(इनपुट-भाषा)