News in Brief

Patna: बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने राज्य में लॉकडाउन को समाप्त करते हुए अनलॉक की प्रक्रिया शुरू कर दी है. सरकार ने मंगलवार को लॉकडाउन खत्म करने का ऐलान किया है. इस बाबत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर जानकारी दी.

सीएम ने ट्वीट कर लिखा, ‘लॉकडाउन से कोरोना संक्रमण में कमी आई है. अतः लॉकडाउन खत्म करते हुए शाम 7:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक रात्रि कर्फ्यू जारी रहेगा. 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ सरकारी एवं निजी कार्यालय 4’00 बजे अपराह्न तक खुलेंगे. दुकान खुलने की अवधि 5:00 बजे अपराह्न तक बढेंगी.’

उन्होंने अगले ट्वीट में लिखा, ‘आनलाईन शिक्षण कार्य किये जा सकेंगे. निजी वाहन चलने की अनुमति रहेगी. यह व्यवस्था अगले एक सप्ताह तक रहेगी. अभी भी भीड़भाड़ से बचने की आवश्यकता है.’

गौरतलब है कि राज्य में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर आने के बाद बढ़ते मामले को देखते हुए राज्य सरकार ने बिहार में लॉकडाउन लागू कर दिया था. हालांकि, इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई थी. इसके बाद लॉकडाउन का सकारत्मक असर राज्य में कोविड मामलों में देखने को मिला. इस कारण राज्य में कोविड मामलों में कमी दर्ज की गई.