
नई दिल्ली: टीम इंडिया के स्टार ऑलरांउडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) इस वक्त भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड में हैं. भारतीय टीम को इसी महीने World Test Championship के फाइनल में न्यूजीलैंड का सामना करना हैं. जडेजा ने इसी बीच अपनी बेटी निध्याना का चौथा जन्मदिन भी मनाया. इस खास मौके पर उन्होंने अपनी पत्नी रीवा सोलंकी (Riva Solanki) के साथ एक नेक काम भी किया है.
जडेजा ने किया बहुत ही नेक काम
अपनी बेटी के जन्मदिन के मौके पर जडेजा (Ravindra Jadeja) और उनकी पत्नी रीवा (Riva) ने आर्थिक रूप से कमजोर पांच परिवारों के बचत खाते खुलवाए. रीवा ने ये खाते पोस्ट ऑफिस में खुलवाए. इन खातों में उन्होंने 10-10 हजार रुपये भी जमा कराए हैं. ये खाते इन परिवारों की बेटियों के नाम पर खुलवाए गए हैं. खबर ये भी है कि जडेजा और उनकी पत्नी ने और भी बेटियों की आगे मदद करने की ठानी है.
2016 में हुई थी शादी
लंबे समय तक एक दूसरे को डेट करने के बाद रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) और रीवा (Riva) ने 5 फरवरी 2016 को सगाई कर ली थी. इसके कुछ ही महीनों के बाद अप्रैल की 17 तारीख को इन दोनों ने शादी भी कर ली थी. इन दोनों की एक बेटी भी है, जिसका नाम निद्धया है. रीवा अक्सर मैदान पर जडेजा को चीयर करती हुई नजर आती हैं.
बीजेपी भी कर चुकी हैं ज्वाइन
बता दें कि जडेजा (Ravindra Jadeja) की पत्नी रीवा ने कुछ ही समय पहले राजनीति में भी करियर बनाने की कोशिश की थी. उन्होंने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (BJP) से अपने करियर की शुरुआत की. उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की हुई है. रीवा के पिता एक जाने माने व्यापारी हैं. जडेजा अक्सर सोशल मीडिया पर रीवा के साथ तस्वीरें भी शेयर करते हैं.
