News in Brief

प्रमोद शर्मा/भोपालः आज भोपाल में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के दौरान पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह बुरी तरह बौखला गए. बात इतनी बढ़ी कि दिग्विजय सिंह ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी का गिरेबान पकड़ लिया. इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है. वीडियो के वायरल होते ही दिग्विजय सिंह बीजेपी के निशाने पर आ गए हैं. सीएम शिवराज सिंह ने इस मामले पर दिग्विजय सिंह की तीखी आलोचना की और कहा कि कांग्रेस अपनी जमीन खिसकने से बौखला गई है. 

दरअसल भोपाल में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने आ गईं. दोपहर में शिवराज सरकार में मंत्री भूपेंद्र सिंह कुछ सदस्यों को अपनी गाड़ी में लेकर पहुंचे थे. इसी दौरान दिग्विजय सिंह और पूर्व मंत्री सुरेश पचौरी उनकी गाड़ी के सामने आ गए. इस दौरान बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा सदस्यों को लेकर अंदर चले गए तो दिग्विजय सिंह और अन्य कांग्रेस नेताओं ने जिला पंचायत कार्यालय के भीतर जाने की कोशिश की. इसी दौरान दिग्विजय सिंह और कांग्रेस नेताओं ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की की. 

वहीं जैसे ही दिग्विजय सिंह के पुलिस अधिकारी के गिरेबान पकड़ने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो सीएम शिवराज ने उन पर निशाना साधते हुए कहा कि एक पूर्व सीएम को ऐसा करना शोभा नहीं देता.