World News In Hindi: स्पेन से गैटविक जाने वाली ईजीजेट की फ्लाइट में एक अनोखा मामला देखने को मिला है. यहां कुछ पर्यटकों ने दावा किया कि एक ब्रिटिश बुजुर्ग की पहले से मौत होने के बावजूद उसे व्हीलचेयर में बैठाया गया. 89 साल की इस महिला को उसके 5 रिश्तेदारों ने फ्लाइट में चढ़ने में मदद की. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एयरलाइन कर्मचारियों को बताया गया कि वह अस्वस्थ थीं और सो गई थीं, हालांकि उड़ान भरने से पहले केबिन क्रू को महिला के निधन की खबर मिली और विमान को रनवे से उड़ान भरने से पहले ही वापस मोड़ दिया गया, जिससे 12 घंटे की देरी हो गई. 

विमान में चढ़ाया शव 

‘डेली मेल’ की रिपोर्ट के मुताबिक सहयात्रियों का कहना है कि महिला के शव को व्हीलचेयर की मदद से विमान के पिछले हिस्से में स्थित सीटों तक ले जाया गया. यहां उसे परिवार के 5 सदस्यों की मदद से उसकी सीट पर लिटाया गया.  यात्रियों का दावा है कि परिवार को फ्लाइट में चढ़ने की अनुमति केवल इसलिए दी गई क्योंकि उन्होंने बोर्डिंग क्लर्क को बताया कि बुजुर्ग महिला थकी हुई है. क्लर्क ने महिला की हालत पर सवाल उठाया था. इतना ही नहीं एक यात्री ने समूह के एक सदस्य को क्लर्क से यह कहते हुए सुना कि कोई बात नहीं हम डॉक्टर हैं.  

ये भी पढ़ें- विरोध से कैसे आतंकवाद का नारा बना  ‘ग्लोबलाइज द इंतिफादा’… सिडनी से पहले कश्मीर भी बना था निशाना   

Add Zee News as a Preferred Source

 

जीवित थी महिला? 

यात्रियों के मुताबिक केबिन क्रू को जब पता चला कि महिला मर चुकी है तो विमान के रनवे में से उड़ान भरने से कुछ समय पहले अचानक रोक दिया गया. वहीं ईजीजेट का कहना है कि मामले में संबंधित यात्री गलत थे. परिवार के सदस्यों के पास उड़ान भरने के लुए उपयुक्त प्रमाण पत्र थे और बुजुर्ग महिला भी विमान में चढ़ते समय जीवित थी. घटना को लेकर पेट्रा बॉडिंगटन नाम के एक यात्री ने कहा,’ आज ईजीजेट के ग्राउंड स्टाफ क्या सोच रहे थे? उन्होंने परिवार से 5 बार पूछा कि क्या यह महिला ठीक है, जबकि वह बिल्कुल ठीक नहीं थी.’ 

ये भी पढ़ें- ब्राउन यूनिवर्सिटी और MIT में गोलीबारी के बाद बौखलाए ट्रंप, सस्पेंड किया ग्रीन कार्ड लॉटरी प्रोग्राम

 

एयरलाइन पर भड़के लोग 

इंटरनेट पर लोग इजीजेट पर सवाल खड़े करने लगे हैं. एक यूजर ने लिखा,’ अगर मैं नशे में होता तो वे मुझे चढ़ने नहीं देते, लेकिन लगता है कि मरा हुआ होना ठीक है? ईजीजेट ये सब क्या हो रहा है.’ ट्रेसी एन किचिंग नाम की एक महिला ने लिखा,’ ईजीजेट आप अविश्वसनीय हैं. आपने एक मृत व्यक्ति को हमारी उड़ान में क्यों चढ़ने दिया?’ मामले को लेकर ईजीजेट के एक प्रवक्ता ने सफाई पेश करते हुए कहा,’ मलागा से लंदन गैटविक जाने वाली फ्लाइट EZY8070 में एक यात्री को तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता होने के कारण उड़ान भरने से पहले ही विमान को स्टैंड पर वापस बुला लिया गया. आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत सहायता प्रदान की, लेकिन दुर्भाग्यवश यात्री की मृत्यु हो गई.’ उन्होंने आगे कहा,’ हमारी संवेदनाएं ग्राहक के परिवार और दोस्तों के साथ हैं और हम इस कठिन समय में सहायता और समर्थन प्रदान कर रहे हैं. हमारे यात्रियों और चालक दल की भलाई हमेशा ईजीजेट की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है और हम देरी के लिए यात्रियों की समझदारी के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहते हैं.’