News in Brief

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सेलेक्शन कमिटी ने 7 फरवरी 2026 से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया में एक सरप्राइज एंट्री करवाई है. BCCI की सेलेक्शन कमिटी ने भारतीय टी20 टीम में दो साल बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की वापसी करवाई है. ईशान किशन को हाल ही में सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी टूर्नामेंट में अपने बेहतरीन प्रदर्शन का इनाम मिला है. ईशान किशन ने अपनी कप्तानी में झारखंड को सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी का खिताब जिताया है.

BCCI ने 2 साल बाद अचानक करवाई सरप्राइज एंट्री

ईशान किशन ने भारत के लिए अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच 28 नवंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था. इस मैच के बाद ईशान किशन टीम इंडिया से ड्रॉप कर दिए गए. अब दो साल के लंबे अंतराल के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने ईशान किशन की मौजूदा फॉर्म और उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें न सिर्फ न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में मौका दिया है, बल्कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 की 15 मेंबर्स वाली भारतीय टी20 टीम में भी चुना है.

Add Zee News as a Preferred Source

ये खतरनाक बल्लेबाज बनेगा अभिषेक का ओपनिंग पार्टनर!

ईशान किशन की मौजूदा फॉर्म बेहद खतरनाक है, हाल ही में उन्होंने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं. ईशान किशन ने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के 2025 सीजन में कुल 10 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 197.33 के स्ट्राइक रेट और 57.44 की औसत से सबसे ज्यादा 517 रन बनाए हैं. ईशान किशन ने इस दौरान 2 शतक लगाए हैं. ईशान किशन का इस टूर्नामेंट में हाइएस्ट स्कोर 113 रन रहा है. ईशान किशन एक बेहद खतरनाक ओपनर होने के अलावा एक शातिर विकेटकीपर भी हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की जोड़ी अगर ओपनिंग करने उतरती है, तो यह भारत की विरोधी टीमों के लिए सबसे बड़ा खतरा होगा.

ये भी पढ़ें – T20 WC 2026: अजीत अगरकर ने तोड़ा इन 5 खिलाड़ियों का दिल, वर्ल्ड कप खेलने का सपना टूटा

कौन बना उपकप्तान?

शुभमन गिल का पत्ता काटकर लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल को टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का उपकप्तान बनाया गया है. ऑलराउंडर के रूप में अक्षर पटेल के अलावा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे और वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया है. वहीं, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव के रूप में दो विशेषज्ञ स्पिनर हैं. जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा के रूप में तीन तेज गेंदबाजों को मौका दिया गया है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होना है. टी20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से शुरू होगा.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत की टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर.