Bangladesh Violence: बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने संसद भवन परिसर में आयोजित युवा नेता शरीफ उस्मान हादी के अंतिम संस्कार के दौरान कहा कि देश हादी को हमेशा याद रखेगा और उनके सपने को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा. उन्होंने कहा कि हादी ने बांग्लादेश को ऐसा मंत्र दिया है जिसे देश कभी नहीं भूलेगा. डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, यूनुस ने अपने संबोधन में कहा कि जिस तरह लाखों लोग कार्यक्रम स्थल पर उमड़े उसी तरह देश और विदेशों में रहने वाले करोड़ों बांग्लादेशी हादी के बारे में सुनने और उन्हें याद करने के लिए एकजुट थे. उन्होंने कहा कि हम आपसे ये वादा करने आए हैं कि आपने हमें जो संदेश दिया हम उसे पूरा करेंगे. आपने हमें ऐसा मंत्र दिया है जो हमेशा हमारे कानों में गूंजता रहेगा.
मुख्य सलाहकार ने कहा कि हादी का संदेश हर बांग्लादेशी को जीवन भर मार्गदर्शन देगा उनमें गरिमा और दृढ़ता की भावना पैदा करेगा और यह याद दिलाएगा कि देश कभी अपना सिर नहीं झुकाएगा. उन्होंने कहा कि हादी की विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी और वे देश की स्मृतियों में हमेशा जीवित रहेंगे.
बता दें, 32 वर्ष के शरीफ उस्मान हादी को 12 दिसंबर को मध्य ढाका के बिजोयनगर इलाके में एक चुनावी अभियान के दौरान नकाबपोश हमलावरों ने सिर में गोली मार दी थी. उन्हें इलाज के लिए विदेश ले जाया गया लेकिन गुरुवार को सिंगापुर में उनकी मृत्यु हो गई. शुक्रवार को ढाका में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
ये भी पढ़ें: ‘जनता की आवाज मतपेटी से सुनी जाएगी न कि…’ बांग्लादेश में जारी हिंसा पर बोले शशि थरूर, यूनुस को दी ये नसीहत
इस हत्या के बाद ढाका में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए जो बाद में देश के अन्य हिस्सों तक फैल गए. प्रदर्शनकारियों ने न्याय की मांग की और कई स्थानों पर तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं. राजधानी के बाहर भी अशांति देखी गई जहां कुछ समूहों ने भारतीय राजनयिक ठिकानों की ओर मार्च करने की कोशिश की और पूर्व सत्तारूढ़ अवामी लीग से जुड़ी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया. हिंसा के दौरान कुछ प्रमुख मीडिया संस्थानों के कार्यालयों को भी निशाना बनाया गया. इसके अलावा, प्रदर्शनकारियों ने शेख मुजीबुर रहमान के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घर पर भी आक्रोश जताया. अधिकारियों ने कहा कि हादी की हत्या और सुरक्षा में चूक की जांच जारी है. आगे की हिंसा को रोकने के लिए कानून-व्यवस्था एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है.
हो रही बांग्लादेश को अस्थिर करने की कोशिश: इंकलाब मंच
इस बीच, इंकलाब मंच ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि कुछ समूह आगजनी और तोड़फोड़ के जरिए बांग्लादेश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं और देश की संप्रभुता को कमजोर करना चाहते हैं. सरकार ने आगामी चुनावों और जनमत संग्रह को सिर्फ राजनीतिक प्रक्रिया नहीं बल्कि एक गंभीर राष्ट्रीय प्रतिबद्धता बताया. बयान में कहा गया कि यह प्रतिबद्धता उस सपने से जुड़ी है जिसके लिए शरीफ उस्मान हादी ने अपनी जान दी और उनके बलिदान का सम्मान संयम, जिम्मेदारी और नफरत को अस्वीकार करने से ही किया जा सकता है.
