US military drug trafficking attack: अमेरिकी सेना ने ड्रग तस्करी रोकने के नाम पर किए गए एक बड़े अभियान में 29 नावों को बर्बाद करने का काम किया है, जिनमें सवार 104 लोगों की मौत हो चुकी है. यह कार्रवाई समुद्री इलाकों में की गई, जहां ड्रग्स की तस्करी होने का शक जताया गया था. इन हमलों में केवल तीन लोग ही जीवित बचे, जिनमें से दो को अमेरिकी नेवी ने हिरासत में लिया और बाद में उनके देश वापस भेज दिया गया है. तीसरे व्यक्ति की तलाश मैक्सिकन नेवी ने की, लेकिन बाद में उसे मृत मान लिया गया.
अवैध लड़ाके हैं ड्रग तस्कर
ट्रंप प्रशासन ने इस पूरे अभियान को ड्रग कार्टेल के खिलाफ सेना की कार्यवाही बताया है. प्रशासन का कहना है कि अमेरिका अब ड्रग तस्करों को केवल अपराधी नहीं, बल्कि अवैध लड़ाके मान रहा है. इसी आधार पर कांग्रेस को जानकारी दी गई कि अमेरिका को ऐसे हमले करने का अधिकार है, भले ही इसके लिए पहले न्यायिक अनुमति न ली जाए. सरकार का दावा है कि यह फैसला न्याय विभाग की एक गोपनीय रिपोर्ट पर आधारित है.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कड़ी आलोचना
इन हमलों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कड़ी आलोचना की जा रही है. कई मानवाधिकार संगठनों ने कहा है कि बिना मुकदमा चलाए इस तरह लोगों की जान लेना गलत है. उनका मानना है कि ड्रग तस्करी एक गंभीर अपराध है, लेकिन इसका जवाब खुले सैन्य हमलों से नहीं दिया जाना चाहिए. कई देशों के नेताओं और सांसदों ने भी इस कार्रवाई पर चिंता जताई है.
ये भी पढ़ें: अब ढाका यूनिवर्सिटी में इतिहास से छेड़छाड़? शेख मुजीबुर हॉल का नाम रातों-रात बदला, और भड़का विवाद
जिन लोगों को मारा गया, क्या सच में ड्रग कार्टेल से जुड़े थे?
मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबॉम ने भी इन हमलों से असहमति जताई है. उन्होंने कहा कि किसी दूसरे देश की सेना द्वारा इस तरह की कार्रवाई से क्षेत्रीय तनाव बढ़ सकता है. वहीं अमेरिकी कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने भी सवाल उठाया है कि जिन लोगों को मारा गया, क्या वे सच में ड्रग कार्टेल से जुड़े थे या नहीं, उनका कहना है कि पहले अमेरिका संदिग्ध तस्करों को पकड़कर अदालत में पेश करता था.
नशीले पदार्थ होने का कोई ठोस सबूत नहीं
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन नावों को निशाना बनाया गया, उनमें नशीले पदार्थ होने का कोई ठोस सबूत अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है. ट्रंप प्रशासन ने भी यह साफ नहीं किया है कि इन लोगों का ड्रग कार्टेल से सीधा संबंध क्या था. हालांकि सेना के अधिकारियों ने कहा है कि इन हमलों में अमेरिकी सेना का कोई भी जवान घायल नहीं हुआ. इसके बावजूद यह अभियान अमेरिका की नीति और मानवाधिकारों को लेकर एक नई बहस को जन्म दे रहा है.
ये भी पढ़ें: न्याय विभाग का यू-टर्न! एपस्टीन दस्तावेजों में ट्रंप की हटाई गई तस्वीर फिर आई सामने
