Sheikh Hasina flags religious extremism in Bangladesh: ढाका में पिछले सप्ताह चली हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद अब जब एक असहज शांति कायम है, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इंकलाब मोंचो के संयोजक शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद भड़की इस हिंसा पर मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार की कड़ी आलोचना की है. उन्होंने कहा कि ऐसी हिंसा पड़ोसी देशों के साथ संबंधों को अस्थिर कर रही है.

अंतरिम सरकार पर बढ़ती अराजकता का आरोप
ANI से ईमेल साक्षात्कार में शेख हसीना ने आरोप लगाया कि उनकी सरकार को उखाड़ फेंकने वाली “अराजकता” अब यूनुस के शासन में कई गुना बढ़ गई है. उन्होंने अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों की ओर इशारा करते हुए कहा कि भारत यह सब “अराजकता” देख रहा है. शेख हसीना ने कहा, “यह दुखद हत्या उस अराजकता को उजागर करती है जिसने मेरी सरकार को उखाड़ फेंका था और यूनुस के शासन में यह और बढ़ गई है.  हिंसा अब आम बात हो गई है, जबकि अंतरिम सरकार या तो इसका इनकार करती है या इसे रोकने में असहाय साबित हो रही है. ऐसी घटनाएं बांग्लादेश को आंतरिक रूप से अस्थिर करती हैं और पड़ोसी देशों के साथ हमारे संबंधों को भी प्रभावित करती हैं, जो इसे गहरी चिंता के साथ देख रहे हैं. भारत इस अफरातफरी, अल्पसंख्यकों पर अत्याचार और उन सभी उपलब्धियों को नष्ट होते देख रहा है जिन्हें हमने मिलकर हासिल किया था. जब आप अपनी सीमाओं के भीतर बुनियादी कानून-व्यवस्था बनाए नहीं रख सकते, तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आपकी विश्वसनीयता समाप्त हो जाती है. यूनुस के बांग्लादेश की यही हकीकत है.”

शरीफ उस्मान हादी की हत्या और उसके बाद की अशांति
शरीफ उस्मान हादी, एक युवा कार्यकर्ता और पिछले साल जुलाई-अगस्त के विद्रोह से जुड़े प्रमुख चेहरे को 12 दिसंबर को ढाका के विजयनगर क्षेत्र में रिक्शा में यात्रा करते समय नकाबपोश हमलावरों ने करीब से गोली मार दी थी. उनके सिर में गोली लगी थी और बेहतर इलाज के लिए उन्हें सिंगापुर ले जाया गया. चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद 18 दिसंबर को उनकी मृत्यु हो गई. हादी की मौत के बाद राजधानी ढाका में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन और अशांति फैल गई. कार्यकर्ता शाहबाग चौराहे पर इकट्ठा होकर मारे गए नेता के लिए न्याय की मांग कर रहे थे.

Add Zee News as a Preferred Source

कट्टरपंथी ताकतों पर चिंता
साक्षात्कार में शेख हसीना ने बांग्लादेश में बढ़ती कट्टरपंथी इस्लामी ताकतों को चिह्नित किया. उन्होंने दावा किया कि यूनुस ने दोषी आतंकवादियों को जेल से रिहा किया और जमात-ए-इस्लामी पर लगे प्रतिबंध को हटाने की ओर इशारा किया.उन्होंने कहा, “मैं यह चिंता साझा करती हूं, जैसा कि लाखों बांग्लादेशी भी करते हैं जो उस सुरक्षित और धर्मनिरपेक्ष देश को याद करते हैं जो हम कभी थे. यूनुस ने कट्टरपंथियों को कैबिनेट पद दिए हैं, दोषी आतंकवादियों को रिहा किया है और अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठनों से जुड़े समूहों को सार्वजनिक जीवन में भूमिका निभाने की अनुमति दी है. वे कोई राजनीतिज्ञ नहीं हैं और उन्हें एक जटिल देश चलाने का कोई अनुभव नहीं है.

संस्थानों को व्यवस्थित रूप से कट्टरपंथी बनाया जा रहा
मुझे डर है कि कट्टरपंथी उन्हें अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने एक स्वीकार्य चेहरा दिखाने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि हमारे संस्थानों को व्यवस्थित रूप से कट्टरपंथी बनाया जा रहा है.” उन्होंने आगे कहा, “इससे न केवल भारत, बल्कि दक्षिण एशिया में स्थिरता में निवेश करने वाले हर देश को चिंता होनी चाहिए. बांग्लादेशी राजनीति का धर्मनिरपेक्ष चरित्र हमारी सबसे बड़ी ताकत था और हम इसे कुछ कट्टरपंथियों की इच्छा पर बलिदान नहीं होने देंगे. एक बार लोकतंत्र और जिम्मेदार शासन बहाल हो जाएगा, तो ऐसी निरर्थक बातें समाप्त हो जाएंगी.”

भारत-बांग्लादेश संबंधों में तनाव पर टिप्पणी
शेख हसीना ने भारत-बांग्लादेश संबंधों में कूटनीतिक तनाव, भारत-विरोधी प्रदर्शनों और 27 साल के हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या पर गहरी चिंता व्यक्त की. उन्होंने यूनुस को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि अंतरिम सरकार ने नई दिल्ली के खिलाफ शत्रुतापूर्ण बयान दिए तथा धार्मिक अल्पसंख्यकों की रक्षा में विफल रही. उन्होंने कहा, “जो तनाव आप देख रहे हैं, वह पूरी तरह यूनुस की देन है. उनकी सरकार भारत के खिलाफ शत्रुतापूर्ण बयान देती है, धार्मिक अल्पसंख्यकों की रक्षा में असफल रहती है और कट्टरपंथियों को विदेश नीति निर्धारित करने देती है. फिर जब तनाव बढ़ता है, तो आश्चर्य जताती है. भारत दशकों से बांग्लादेश का सबसे विश्वसनीय मित्र और साझेदार रहा है. हमारे देशों के बीच संबंध गहरे और मजबूत हैं; वे किसी अस्थायी सरकार से अधिक टिकाऊ हैं. मुझे विश्वास है कि सही शासन बहाल होने पर बांग्लादेश उस समझदार साझेदारी पर लौट आएगा जिसे हमने 15 वर्षों में विकसित किया था.”

बांग्लादेश में हिंदू दीपू चंद्र दास की मौत
शेख हसीना का यह बयान तब आया जब दीपू चंद्र दास को कथित ईशनिंदा के आरोप में भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला और बाद में उनके शव को आग लगा दी गई. इस घटना से व्यापक आक्रोश फैला और मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शनों, तोड़फोड़ और मीडिया भवनों में आगजनी के बीच अशांति का माहौल है, जबकि अगले साल चुनाव होना है. ऐसे निराशाजनक माहौल में शेख हसीना का बयान बांग्लादेश के हिंदुओं और भारत समर्थकों के लिए एक बहुत बड़े मरहम की तरह है. क्योंकि लोग यूनुस सरकार से निराश हैं. अब देखते हैं कि आखिर आगे क्या होगा.