News in Brief

Jacob Duffy: आईपीएल 2026 से पहले हुए मिनी ऑक्शन में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी पर बड़ा दांव खेला. RCB ने कीवी पेसर को उनके बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये में खरीदा. उन्हें भले ही स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के बैकअप के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन डफी ने इस साल जो करिश्मा किया है, उसे नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा. 31 वर्षीय पेसर ने इंटरनेशनल क्रिकेट के 40 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी है. 

अगर आप सोच रहे हैं कि साल 2025 में जसप्रीत बुमराह, मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस जैसे दिग्गजों का जलवा रहा है, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है. गेंदबाजी में असली धुरंधर तो जैकब डफी साबित हुए हैं. उन्होंने इस साल बुमराह-स्टार्क-कमिंस और तमाम स्टार गेंदबाजों को पछाड़ा है और 2025 में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. 

साल 2025 में जैकब डफी का जलवा

Add Zee News as a Preferred Source

जैकब डफी साल 2025 के सबसे सफल गेंदबाज हैं. दाएं हाथ के पेसर ने इस वर्ष 36 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 81 विकेट चटकाए हैं. उनके दबदबे का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर उनके देश के ही तेज गेंदबाज मैट हेनरी और जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजारबानी हैं और दोनों के नाम 65 विकेट हैं.

जैकब डफी ने तोड़ा 40 साल पुराना रिकॉर्ड

जैकब डफी ना सिर्फ साल 2025 में सबसे अधिक इंटरनेशनल विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, बल्कि उन्होंने न्यूजीलैंड के पूर्व महान तेज गेंदबाज रिचर्ड हैडली का 40 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. हेडली ने साल 1985 में 79 विकेट चटकाए थे. डफी उनसे दो विकेट आगे निकल चुके हैं.

आईपीएल 2026 में मिलेगा मौका?

जैकब डफी पहली बार आईपीएल में कदम रखने के लिए तैयार हैं. हालांकि देखना दिलचस्प होगा कि आरसीबी उन्हें शुरुआती मैचों में प्लेइंग इलेवन में जगह देती है या नहीं. जैकब डफी ने अपने करियर में अभी तक 156 टी20 मुकाबले खेले हैं और 24.33 की औसत से 178 विकेट हासिल किए हैं. उनके नाम टी20 इंटरनेशनल में 53 विकेट हैं.

ये भी पढ़ें: अभिषेक के साथ ओपनिंग करेंगे शुभमन गिल, टीम में एक साथ मिली एंट्री