Australia vs England Test: इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ऑस्ट्रेलिया में अपने खिलाड़ियों की हरकत से परेशान हो गया है. एक तो टीम एशेज सीरीज हार गई है और ऊपर से अधिकांश खिलाड़ी नशेबाजी करने लगे हैं. बेन स्टोक्स की कप्तानी वाली टीम पर नशा करने का आरोप लगा है. ईसीबी इसकी जांच करने वाला है कि स्टोक्स और उनके खिलाड़ियों ने नूसा में एशेज के बीच ब्रेक के दौरान बहुत ज्यादा शराब पी थी. एडिलेड में तीसरे टेस्ट में 82 रन से हारने के बाद इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया में लगातार चौथी एशेज सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है.
चार दिन के ट्रिप पर मचाया हंगामा
इंग्लैंड की टीम ने तीसरे टेस्ट से पहले सीरीज के बीच में ब्रेक लिया और नूसा के हॉलिडे रिसॉर्ट में चार दिन के ट्रिप पर गई. इस ब्रेक की कई ऑस्ट्रेलियाई एक्सपर्ट्स ने कड़ी आलोचना की थी, लेकिन रिपोर्ट्स के सामने आने के बाद यह जांच के दायरे में आ गया है कि खिलाड़ियों ने ट्रिप के दौरान बहुत ज्यादा शराब पी थी. इन आरोपों के बीच इंग्लैंड के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की ने भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच की जाएगी और जोर देकर कहा कि बहुत ज्यादा शराब पीना एक इंटरनेशनल क्रिकेट टीम के लिए सही बर्ताव नहीं है. हालांकि, उन्होंने कहा कि शुरुआती रिपोर्ट्स से पता चलता है कि खिलाड़ियों ने पूरी ट्रिप के दौरान अच्छा बर्ताव किया.
ईसीबी ने दिया बयान
ईएसपीएन क्रिकइन्फो के मुताबिक रॉब की ने कहा, ”अगर लोग कह रहे हैं कि हमारे खिलाड़ियों ने बाहर जाकर बहुत ज्यादा शराब पी, तो बेशक हम इस पर गौर करेंगे. एक इंटरनेशनल क्रिकेट टीम का बहुत ज्यादा शराब पीना ऐसी चीज नहीं है जिसकी मैं किसी भी स्टेज पर उम्मीद करूं और जो हुआ उसे न देखना एक नाकामी होगी. लेकिन अब तक मैंने जो कुछ भी सुना है, उससे लगता है कि वे बहुत अच्छे से पेश आए.”
ये भी पढ़ें: ‘भारत का बर्ताव…’, सरफराज अहमद के बाद मोहसिन नकवी ने भी उगला जहर, टीम इंडिया पर लगाए गंभीर आरोप
बेथेल और ब्रूक को मिली थी चेतावनी
रॉब की ने यह भी बताया कि इससे पहले जैकब बेथेल और हैरी ब्रूक को टीम मैनेजमेंट ने सीरीज से पहले चेतावनी दी थी, जब न्यूजीलैंड में इंग्लैंड के तीसरे वनडे से एक दिन पहले एक बार में शराब पीते हुए फुटेज सामने आया था. उन्होंने कहा कि यह घटना ऑस्ट्रेलिया में टीम की जांच के लेवल के बारे में एक “वेक-अप कॉल” थी और इस बात से इनकार किया कि इंग्लैंड ने इसे कम करके आंका था.
ये भी पढ़ें: Ashes Series: ऑस्ट्रेलिया ने फिर बदला कप्तान… बॉक्सिंग डे टेस्ट से 2 दिग्गज बाहर, स्क्वॉड का हुआ ऐलान
इज्जत बचा पाएगा इंग्लैंड?
इंग्लैंड की टीम पर्थ, ब्रिसबेन और एडिलेड में हार चुकी है. मौजूदा सीरीज में अभी भी दो मैच बाकी हैं. बेन स्टोक्स और उनकी टीम ऑस्ट्रेलिया में अपनी लंबी हार का सिलसिला खत्म करने और कुछ इज्जत बचाने के लिए बेताब होगी. ऐसा न करने पर उन्हें एशेज के इतिहास में चौथी बार 5-0 से व्हाइटवॉश का सामना करना पड़ सकता है.
