Haseen Mastan Mirza: अंडरवर्ल्ड डॉन हाजी मस्तान की बेटी हसीन मस्तान मिर्जा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से यौन उत्पीड़न, जबरन शादी और उनकी संपत्ति पर अवैध कब्जे के मामले में न्याय की गुहार लगाई है. हसीन ने आरोप लगाया कि उनके मामा के बेटे नसीर हुसैन ने 1996 में जब वह सिर्फ 12 साल की थीं तब उनके साथ यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की और बाद में उनसे जबरन शादी कर ली थी. हसीन मस्तान ने साफ किया कि उन्होंने जो कुछ भी सहा है उसका उनके पिता हाजी मस्तान के जीवित रहते उनकी पहचान से कोई लेना-देना नहीं है और यह सब उनकी मौत के बाद ही शुरू हुआ. हसीन मस्तान मिर्जा ने कहा कि इन अपराधों के समय वह नाबालिग थीं. हसीन ने दावा किया कि उनके साथ बलात्कार किया गया लगातार मानसिक और शारीरिक शोषण किया गया और उनकी पहचान छिपाकर उनकी संपत्ति से वंचित कर दिया गया.
हसीन मिर्जा ने बताई आपबीति
हसीन मिर्जा ने कि मैंने हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से अनुरोध किया है कि कानून इतने सख्त बनाए जाएं कि ये अपराधी, जो खुलेआम अपराध कर रहे हैं, उन्हें डर लगे. यही मेरी मुख्य मांग थी. हसीन मिर्जा ने कहा कि मेरे साथ बलात्कार हुआ, मुझे मारने की कोशिश की गई, मेरे अजन्मे बच्चे को मार दिया गया, मेरी जबरन शादी करा दी गई और फिर इन सबके बाद मुझे सड़कों पर मरने के लिए छोड़ दिया गया; मेरे पास पैसे नहीं थे, कुछ नहीं था.
उन्होंने कहा कि वह 2013 से यह मामला लड़ रही हैं लेकिन आर्थिक तंगी के कारण इसे लगातार आगे नहीं बढ़ा पाईं. हसीन ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उन्हें पुलिस से कोई मदद नहीं मिली. उन्होंने कहा कि पुलिस ने कभी मदद नहीं की. अगर उसने मेरी मदद की होती तो मेरी मां मेरे साथ होती, तो मुझे न्याय मिल गया होता. उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दखल से यह सुनिश्चित हो सकता है कि मामले को नजरअंदाज न किया जाए. उन्होंने कहा कि अगर PM मोदी इस मामले में मदद करते हैं तो कोई भी इस मामले को नजरअंदाज नहीं कर पाएगा.
अपने किशोरावस्था के एक दर्दनाक वाकये को याद करते हुए हसीन ने कहा कि जब 14 साल की उम्र में मेरा गर्भपात हुआ तो मेरी चाची ने पुलिस को बुलाया और मुझे जुवेनाइल होम भेजने की कोशिश की. पुलिस हमारे घर आई और उन्हें पता चला कि मैं सिर्फ 14 साल की हूं, लेकिन फिर भी उन्होंने मेरी मदद नहीं की. उन्होंने आगे बताया कि लंबे समय तक परेशान रहने के कारण 2010 में तलाक के बाद उन्होंने आत्महत्या करने की कोशिश की थी.
हसीन ने कहा कि उनके खिलाफ अपराध लालच और उनके पिता की दौलत की वजह से हुए थे. अगर मैं हाजी मस्तान की बेटी पैदा नहीं हुई होती तो मुझे इन चुनौतियों का सामना नहीं करना पड़ता. अपराधियों ने पैसा देखा. मेरे पिता की मौत हो गई और उन्हें लगा कि वे हमारा सारा पैसा ले सकते हैं. इन सबके पीछे, रेप और जबरन शादी के पीछे, पैसा ही वजह है. मेरे पूर्व पति ने भी मुझसे कहा था कि उसने मेरा रेप इसलिए किया क्योंकि मैं हाजी मस्तान की बेटी हूं.
हसीन मिर्जा ने इस बात पर जोर दिया कि वह नहीं चाहतीं कि उनके पिता का नाम खराब हो. हालांकि, मेरे पिता ने अपने जीवनकाल में बहुत सारी दुआएं कमाई थीं; उन्होंने बहुत से लोगों की मदद की थी. मैं नहीं चाहती कि उनका नाम खराब हो. वह बहुत अच्छे इंसान थे मुझे उनकी बेटी होने पर गर्व है और मैं यह केस सिर्फ उन्हीं की वजह से लड़ रही हूं.
मिर्जा ने राजनीति में आने की अटकलों को किया खारिज
राजनीति में आने की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी ऐसी कोई महत्वाकांक्षा नहीं है. मैं राजनीति में बहुत से लोगों को जानती हूं लेकिन मैं इसमें नहीं आना चाहती. मुझे राजनीति समझ नहीं आती. मैं बस चाहती हूं कि राजनेता, जो भी सत्ता में हैं जैसे अभी बीजेपी है वे अपना काम ईमानदारी से करें. हसीन ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुलडोजर एक्शन का समर्थन करती हैं और कहा कि मैंने इस बारे में ट्वीट भी किया था. मैं चाहती हूं कि वह मुंबई आएं और मेरे बंगले पर बुलडोजर एक्शन करें जहां अपराधी बैठे हैं. मेरे साथ जो कुछ भी हुआ मेरे पूर्व पति ने मेरा रेप किया. सीएम योगी ऐसे लोगों का एनकाउंटर करवाते हैं. उनके राज में पीड़ितों को न्याय मिलता है.
ये भी पढ़ें: NIA चीफ सदानंद दाते की महाराष्ट्र कैडर में वापसी, बनाए जा सकते हैं राज्य के नए DGP; 26/11 हमले में बचाई थी लोगों की जान
हसीन ने यह भी बताया कि उन्हें रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में हिस्सा लेने के लिए बुलाया गया था लेकिन उन्होंने अपनी मानसिक सेहत की चिंताओं के कारण यह ऑफर ठुकरा दिया. उनकी यह अपील पिछले हफ़्ते इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो के बाद आई है जिसमें उन्होंने न्याय के लिए अपनी लंबी लड़ाई के बारे में बात की और एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह से दखल देने की अपील की यह दावा करते हुए कि उन्हें सालों से न्याय नहीं मिला है. वीडियो में, उन्होंने 3 तलाक पर प्रतिबंध लगाने के प्रधानमंत्री के फैसले की तारीफ की लेकिन अपने जैसे मामलों में जल्द न्याय सुनिश्चित करने के लिए सख्त कानूनों की अपील की यह आरोप लगाते हुए कि इस्लाम में धार्मिक कानून का दुरुपयोग किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिस तरह से तीन तलाक बिल पास हुआ, वह महिलाओं के समर्थन और आशीर्वाद को दिखाता है जिन्हें उनके अनुसार, इस अन्यायपूर्ण प्रथा के खत्म होने के बाद राहत महसूस हुई.
