Vijay Hazare Trophy: भारत की घरेलू 50-ओवर टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का आगाज हो चुका है. इस सीजन के पहले ही दिन युवा खिलाड़ी ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी ने धमाकेदार शतक जड़कर सनसनी मचा दी. युवाओं के बाद अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने भी धमाका किया और मुंबई की तरफ से खेलते हुए जयपुर में सिक्किम के खिलाफ मुकाबले में शानदार शतक जड़कर अपने फैंस को खुश कर दिया.
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में मुंबई और सिक्किम के बीच विजय हजारे ट्रॉफी का मैच खेला जा रहा है. सिक्किम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 236 रन बनाए. इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को रोहित शर्मा ने जबरदस्त शुरुआत दिलाई. हिटमैन ने पहली गेंद से ही आक्रामक रुख अपनाया और ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए 62 गेंदों पर सेंचुरी जड़ दी.
रोहित शर्मा ने बनाए 155 रन
62 गेंदों पर शतक जड़ने के बाद रोहित शर्मा और खूंखार हो गए और सिक्किम के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी. हिटमैन ने महज 94 गेंदों पर 155 रनों की बेहतरीन पारी खेली. 164.89 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए पूर्व भारतीय कप्तान ने 18 चौके और 9 छक्के जड़े.
