
Vijay Hazare Trophy 2025: विजय हजारे ट्रॉफी में 2025 के आखिरी दिन बुधवार (31 दिसंबर) को कर्नाटक, झारखंड और मध्य प्रदेश की टीमों को आसान जीत मिली. देवदत्त पडिक्कल और मयंक अग्रवाल ने कर्नाटक के लिए शतकीय पारी खेली. वहीं, करुण नायर ने तूफानी बैटिंग से सबका दिल जीत लिया. मध्य प्रदेश के लिए वेंकटेश अय्यर ने गेंद से कमाल दिखाया और अपनी टीम को जीत दिलाई. दूसरी ओर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी चैंपियन झारखंड ने तमिलनाडु को हरा दिया.
कर्नाटक ने पुडुचेरी को हराया
ग्रुप ए में कर्नाटक और पुडुचेरी के बीच मुकाबले में कर्नाटक ने पहले बैटिंग करने का फैसला करते हुए बोर्ड पर 363/4 रन बनाए. इसमें देवदत्त पडिक्कल (116 गेंदों में 113 रन, 10 चौके और चार छक्के) ने अपने 36वें मैच में अपना 12वां लिस्ट-ए शतक लगाया. कप्तान मयंक अग्रवाल (124 गेंदों में 132 रन, 15 चौके और दो छक्के) और करुण नायर (34 गेंदों में 62* रन, चार चौके और चार छक्के) ने भी बड़ा स्कोर बनाया. पुडुचेरी के लिए नेयन श्याम कंगायन (66 गेंदों में 68 रन, नौ चौके और एक छक्का) और जयंत यादव (35 गेंदों में 54 रन, तीन चौके और दो छक्के) ने फिफ्टी बनाई, लेकिन टीम 50 ओवर में 296 रन पर ऑलआउट हो गई. कर्नाटक के लिए मनवंत कुमार एल (3/52) ने शानदार प्रदर्शन किया.
ये भी पढ़ें: एशेज सीरीज के बाद रिटायर होगा दिग्गज ओपनर? वर्ल्ड कप विजेता कप्तान के खुलासे से मची सनसनी
झारखंड की आसान जीत
तमिलनाडु और मौजूदा सैयद मुश्ताक अली चैंपियंस झारखंड के बीच मुकाबले में झारखंड ने नौ विकेट से जीत हासिल की. उत्कर्ष सिंह (120 गेंदों में 123* रन, जिसमें 13 चौके और तीन छक्के शामिल थे) और शिखर मोहन (108 गेंदों में 90 रन, जिसमें नौ चौके शामिल थे) ने मिलकर तमिलनाडु द्वारा बनाए गए 244 रनों के लक्ष्य का आसानी से पीछा किया.
ये भी पढ़ें: ऋतुराज का IND vs NZ सीरीज से पहले धमाका… 12 चौके और 3 छक्कों का तूफान, टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में जगह पक्की?
मध्य प्रदेश को मिली जीत
एक अन्य मैच में मध्य प्रदेश ने त्रिपुरा को चार विकेट से हरा दिया. मध्य प्रदेश ने बॉलिंग करने का फैसला किया, जिसमें विजय शंकर (91 गेंदों में 98 रन, चार चौकों के साथ) और श्रीदाम पॉल (58 गेंदों में 52 रन, चार चौकों के साथ) ने त्रिपुरा को 50 ओवर में 286/7 तक पहुंचाया. इसमें भारतीय ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर ने अपने 10 ओवर के स्पेल में 4/44 विकेट लिए. यश दुबे (97 गेंदों में 105 रन, आठ चौके और दो छक्के) और शुभम शर्मा (75 गेंदों में 71 रन, दो चौके और दो छक्के) ने अहम पारियां खेलीं, जिससे मध्य प्रदेश ने चार विकेट से लक्ष्य हासिल कर लिया. शंकर (3/49) त्रिपुरा के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे.
