Rajasthan Royals Captain Contender: आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने जिस विदेशी खिलाड़ी को राजस्थान रॉयल्स के साथ ट्रेड किया, उसने T20 क्रिकेट का इतिहास बदल दिया है. हम बात कर रहे हैं इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर सैम करन की, जिनकी कप्तानी में डेजर्ट वाइपर्स ने इतिहास रच दिया. रविवार को दुबई में खेले गए ILT20 2025-26 के फाइनल में डेजर्ट वाइपर्स ने एमआई एमिरेट्स को हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया. ये जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि डेजर्ट वाइपर्स पिछले 16 सालों में पहली टीम बनी है, जिसने फाइनल में MI फ्रेंचाइजी की किसी टीम को पटखनी दी है.
इंटरनेशनल लीग टी20 में डेजर्ट वाइपर्स की ऐतिहासिक जीत के बाद सैम करन की जमकर तारीफ हो रही है. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान ना सिर्फ बल्ले और गेंद से कमाल किया, बल्कि अच्छी कप्तानी भी की. आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स को नए कप्तान की तलाश है. इस रेस में स्टार भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भले ही आगे हैं, लेकिन आरआर सैम करन के नाम पर भी सोच-विचार कर सकती है.
ILT20 में सैम करन का शानदार प्रदर्शन
ILT20 2025-26 में कप्तान की जिम्मेदारी मिलने के बाद सैम करन के खेल में और निखार देखने को मिला. कई मैचों में उन्होंने डेजर्ट वाइपर्स को संकट से निकाला और कप्तानी पारी खेली. एमआई एमिरेट्स के खिलाफ फाइनल में भी उन्होंने गदर मचाते हुए 51 गेंदों पर 74 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली. इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.
सैम करन बने ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’
ILT20 2025-26 में सैम करन पूरी तरह से छाए रहे. 12 मैचों में इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर ने 49.62 की औसत और 135.49 की स्ट्राइक रेट से 397 रन बनाए. वो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे. इसके अलावा सैम करन ने गेंद से भी उम्दा प्रदर्शन किया. उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवॉर्ड भी मिला.
कप्तानी के लिए ठोकी ताल
संजू सैमसन के जाने के बाद राजस्थान रॉयल्स को नए कप्तान का चुनाव करना है. इस रेस में रियान पराग और रवींद्र जडेजा सबसे आगे हैं, लेकिन ये कहना गलत नहीं होगा कि सैम करन को भी कप्तानी रास आ रही है. ऐसे में राजस्थान रॉयल्स उन्हें ये बड़ी जिम्मेदारी देने के बारे में सोच सकती है. वो इससे पहले 2023 और 2024 में कुछ मैचों में पंजाब किंग्स की कप्तानी कर चुके हैं. वहीं उनके नेतृव में डेजर्ट वाइपर्स ने 2024 में भी फाइनल तक का सफर तय किया था और पॉइंट्स टेबल पर नंबर-1 रही थी.
ये भी पढ़ें: कीरोन पोलार्ड को माफ नहीं करेंगे मुंबई इंडियंस के फैंस! 16 साल बाद फाइनल में मिली हार, इस टीम ने बदला इतिहास
