जीवन के इस सफर में कोई ये सोच भी नहीं सकता है कि उसके साथ आने वाले समय में क्या होने वाला है.अब से महज 63 घंटे पहले ही जो शख्स अपने देश का सर्वोच्च पद पर आसीन था उसे अब हाथों में हथकड़ियां पहना कर न्यूयॉर्क की कोर्ट में पेश किया गया. समय के फेर का ये सबसे बड़ा उदाहरण है. वेनेजुएला के अब पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को फेडरल एजेंट्स वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में मादुरो को पकड़े हुए फेडरल एजेंट कोर्ट में ले जा रहे हैं. इसके पहले शनिवार (3 दिसंबर) की सुबह तड़के 5 बजकर 21 मिनट पर अमेरिकी सेना ने ‘ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिजॉल्व’ के तहत उन्हें काराकस से उनकी पत्नी के साथ हिरासत में लिया था.  

अमेरिका की न्यूयॉर्क कोर्ट में मादुरो पर नार्को-टेररिज्म और ड्रग्स तस्करी के गंभीर आरोपों को लेकर केस चलाया जाएगा.  सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मादुरो हथकड़ी पहने और न्यूयॉर्क के मैनहट्टन कोर्ट हाउस में जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. मादुरो की गिरफ्तारी को लेकर ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को बड़ी जीत बताया है. मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को कोर्ट में पेश कर उन पर लगे आरोपों की जानकारी दी जाएगी और उनपर इसके लिए मुकदमा चलाया जाएगा. पूरी दुनिया में अमेरिका की इस कार्रवाई को लेकर सनसनी फ इस घटना ने पूरी दुनिया में सनसनी फैला दी है. ट्रंप की इस कार्रवाई के बाद अस्थाई तौर से अब वेनेजुएला की कमान अमेरिका के हाथ में है.

Add Zee News as a Preferred Source

‘धरती का नर्क’ कहे जाने वाली ‘ब्रुकलिन’ जेल में रहेंगे मादुरो
मादुरो को अब अमेरिका की ब्रुकलिन जेल में रखा जाएगा. ब्रुकलिन जेल को ‘धरती का नर्क’ के नाम से भी जाना जाता है. यह जेल अपनी कठोर परिस्थितियों के लिए इतना कुख्यात है कि कई जजों ने अपने कैदियों को यहां भेजने से इनकार कर दिया है. इस जेल में एक समय म्यूजिक स्टार आर केली और सीन ‘डिडी’ कॉम्ब्स जैसे मशहूर कैदी भी रह चुके हैं. ब्रुकलिन जेल साल 1990 के दशक में कैदियों के लिए खोली गई थी.  मौजूदा समय इस जेल में 1,300 कैदी हैं. इन कैदियों में गैंगस्टर, ड्रग तस्कर और समाज के व्हाइट-कॉलर अपराधी भी शामिल हैं. मादुरो इस जेल में रहने वाले पहले राष्ट्रपति नहीं होंगे उनसे पहले होंडुरास के पूर्व राष्ट्रपति जुआन ऑरलैंडो हर्नांडेज को भी इस जेल में रखा गया था. हर्नांडेज को सैकड़ों टन कोकीन की तस्करी का दोषी ठहराया गया था और उन्हें इसके लिए 45 साल की सजा हुई थी. दिसंबर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें माफ कर रिहा कर दिया.

कितना खतरनाक था ट्रंप का ‘ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिजॉल्व’?
अमेरिका का वेनेजुएला पर चलाया गया ऑपरेशन ‘ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिजॉल्व’ बहुत ही खतरनाक ऑपरेशन था. अमेरिकन ऑर्मी को इस ऑपरेशन को पूरा करने में महज 30 मिनट का समय लगा. अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज ने वेनेजुएला के काराकस में मादुरो के महल पर धावा बोला था. इस हमले में अमेरिकी जवानों ने अपडेटेड वेपन्स और अत्याधुनिक विमानों का इस्तेमाल किया था. अमेरिकी एयर स्ट्राइक के दौरान वेनेजुएला की राजधानी धमाकों से दहल उठी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात का दावा किया कि उन्होंने क्रिसमस पर ही इसका आदेश दे दिया था. मादुरो को पकड़कर तुरंत एक पानी के जहाज की मदद से अमेरिका लाया गया. मादुरो की गिरफ्तारी अब तक वैश्विक इतिहास में पहली बार सबसे नाटकीय तरीके से हुई है.

अब मादुरो को क्या सजा मिलेगी?
निकोलस मादुरो पर अमेरिका की न्यूयॉर्क कोर्ट में अब ड्रग्स तस्करी और हथियारों के अवैध इस्तेमाल को लेकर मुकदमे चलाए जाएंगे. अमेरिकी कोर्ट ने दावा किया है कि मादुरो एक आपराधिक नेटवर्क चला रहे थे वो कोलंबिया से विद्रोही समूहों के साथ मिलकर अमेरिका में कोकीन और ड्रग्स की सप्लाई कर रहे थे. मादुरो के खिलाफ केस लड़ रहे वकीलों ने उनके इस जुर्म को संप्रभुता का उल्लंघन बताया है. वकीलों ने दावा किया है कि ऐसे अपराधों के लिए मादुरो को न्यूयॉर्क की कोर्ट उम्रकैद तक की सजा सुना सकता है. 

अब वेनेजुएला की सत्ता किसके हाथों में?
डोनाल्ड ट्रंप के वेनेजुएला के राष्ट्रपति पर एक्शन के बाद वहां पर ये बड़ा यक्ष प्रश्न खड़ा हो गया है कि अब मादुरो के बाद वेनेजुएला की सत्ता कौन संभालेगा? वहीं इस सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि अब वेनेजुएला का संचालन अमेरिका करेगा. ट्रंप ने वेनेजुएला के विशाल तेल भंडारों को सुरक्षित करने की बात पर जोर दिया है. फिलहाल उपराष्ट्रपति डेलसी रोड्रिगेज को वेनेजुएला का कार्यवाहक राष्ट्रपति घोषित किया गया है. ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका का हस्तक्षेप तब तक वहां रहेगा जब तक कि वहां पर चुनाव नहीं हो जाते हैं. दुनिया के कई देश ट्रंप के इस एक्शन को अमानवीय बता रहे हैं. वहीं उनके पड़ोसी देश क्यूबा ने ट्रंप की इस कार्रवाई के विरोध में दो दिन का शोक घोषित किया है.

यह भी पढ़ेंः ऐसा कोई नहीं जिसे ट्रंप ने ठगा नहीं…वेनेजुएला के बाद अब इन देशों पर बुरी नजर