
Nikita Godishala murder case: अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में हैदराबाद की रहने वाली 27 साल की युवती निकिता गोदिशाला की हत्या के मामले ने पूरे देश को झकझोर देने का काम किया है. कोलंबिया शहर के एक अपार्टमेंट में निकिता का शव चाकू से गोदने के निशानों के साथ मिला था. कुछ दिन पहले ही उसे लापता बताया गया था. इस मामले में अमेरिकी पुलिस ने 26 वर्षीय अर्जुन शर्मा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और आरोप लगाया है कि वह हत्या के बाद भारत भाग गया. हालांकि अब निकिता के पिता ने इस पूरे मामले को लेकर कई अहम बातें सामने रखी हैं.
रिश्ते को गलत तरीके से किया जा रहा है पेश
निकिता के पिता आनंद गोदिशाला ने साफ कहा है कि अर्जुन शर्मा निकिता का एक्स-बॉयफ्रेंड नहीं था, जैसा कि कुछ रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है. उनके मुताबिक अर्जुन सिर्फ निकिता का पूर्व रूममेट था. वह पहले उसी अपार्टमेंट में दो अन्य लोगों के साथ रहता था. पिता का कहना है कि रिश्ते को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है, जिससे मामले की सच्चाई से ध्यान भटक रहा है.
आनंद गोदिशाला ने यह भी दावा किया कि अर्जुन शर्मा ने कई लोगों से कर्ज लिया था और हाल ही में भारत लौटने की योजना बना रहा था. मीडिया से मिली जानकारी के आधार पर उन्होंने कहा कि निकिता को भी इस बात का पता चल गया था. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि फिलहाल उन्हें किसी पक्के आर्थिक विवाद की जानकारी नहीं है और इस बारे में वह निकिता के दोस्तों से अभी खुल के बात नहीं कर पाए हैं.
31 दिसंबर तक सब ठिक था
निकिता के पिता ने अपनी बेटी से हुई आखिरी बातचीत को याद करते हुए बताया कि 31 दिसंबर की रात निकिता ने उन्हें फोन कर नए साल की शुभकामनाएं दी थीं. उस बातचीत में निकिता बिल्कुल सामान्य थी और किसी तरह की परेशानी के संकेत नहीं थे. इसके बाद 2 जनवरी को उसके लापता होने की सूचना मिली. परिवार के लिए यह खबर किसी सदमे से कम नहीं थी.
निकिता पिछले चार साल से अमेरिका में रह रही थी और एक हेल्थ कंपनी में डेटा एनालिस्ट के रूप में काम कर रही थी. उसने अमेरिका से एमएस की पढ़ाई पूरी की थी और हाल ही में उसे बेस्ट एम्प्लॉई का अवॉर्ड भी मिला था. परिवार ने भारत और तेलंगाना सरकार से अपील की है कि निकिता के शव को जल्द भारत लाया जाए. पिता का आरोप है कि अर्जुन शर्मा ने ही पहले पुलिस में शिकायत की और फिर देश छोड़कर भाग गया है. परिवार चाहता है कि आरोपी को जल्द पकड़ा जाए और उसे कड़ी सजा मिले.
यह भी पढ़ें: दुलहस्ती प्रोजेक्ट पर PAK की गीदड़भभकी पर भारत का पलटवार, कहा-‘खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते’

