अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान कर दुनिया को चौंका दिया है.उन्होंने कहा कि वेनेजुएला की अंतरिम अथॉरिटी अब 30 से 50 मिलियन बैरल (यानी 3 से 5 करोड़ बैरल) हाई क्वालिटी वाला तेल अमेरिका को सौंपेगी. यह तेल बाजार की कीमत पर बेचा जाएगा और उससे आने वाले पैसे का पूरा हिसाब ट्रंप खुद रखेंगे. उनका कहना है कि यह पैसा वेनेजुएला और अमेरिका के लोगों के फायदे में इस्तेमाल होगा.

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, “मैं खुशी से ऐलान करता हूं कि वेनेजुएला की अंतरिम सरकार 30 से 50 मिलियन बैरल हाई क्वालिटी तेल अमेरिका को सौंपेगी. यह तेल मार्केट प्राइस पर बेचा जाएगा और पैसा मैं खुद कंट्रोल करूंगा, ताकि यह दोनों देशों के लोगों को फायदा पहुंचाए.” उन्होंने ऊर्जा सचिव क्रिस राइट को तुरंत इस प्लान को लागू करने का ऑर्डर दिया है. तेल को स्टोरेज शिप्स से लादकर सीधे अमेरिका के डॉक्स पर उतारा जाएगा.

क्यों हो रहा है यह सब?
यह ऐलान वेनेजुएला में हाल की बड़ी घटना के बाद आया है. अमेरिकी फौजों ने 3 जनवरी 2026 को बड़ा ऑपरेशन चलाकर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर अमेरिका ले आए जिसके बाद अब वहां अंतरिम सरकार है. ट्रंप का कहना है कि अमेरिका अब वेनेजुएला के तेल, ट्रेड और सिक्योरिटी पर फैसले लेगा. वेनेजुएला के पास दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडार हैं करीब 303 बिलियन बैरल. लेकिन सैंक्शंस और खराब मैनेजमेंट से प्रोडक्शन गिरकर सिर्फ 11 लाख बैरल प्रतिदिन रह गया है.

Add Zee News as a Preferred Source

भारत पर क्या असर पड़ेगा?
भारत के लिए यह खबर महत्वपूर्ण है. कभी भारत वेनेजुएला से बड़ा तेल खरीदता था, लेकिन 2019 में अमेरिकी सैंक्शंस के कारण इंपोर्ट रोकना पड़ा. अब हम मिडिल ईस्ट, रूस और अमेरिका से ज्यादा तेल लेते हैं. अगर इतना बड़ा तेल अमेरिका जाए, तो ग्लोबल ऑयल सप्लाई बदलेगी. वेनेजुएला का हैवी ऑयल अमेरिकी रिफाइनरियों के लिए परफेक्ट है. इससे चीन को झटका लग सकता है, जो अभी वेनेजुएला का सबसे बड़ा खरीदार है. भारत जैसे आयात करने वाले देशों में तेल की कीमतें और उपलब्धता पर असर पड़ सकता है. 

दुनिया की प्रतिक्रिया कैसी?
ट्रंप ने इसे आर्थिक और स्ट्रैटेजिक फैसला बताया. उनका कहना है कि इससे क्रिमिनल नेटवर्क कमजोर होंगे और इलाका स्थिर होगा. लेकिन कई देशों ने अमेरिकी ऑपरेशन की निंदा की है. विशेषज्ञों का मानना है कि वेनेजुएला के तेल इंडस्ट्री को ठीक करने में अरबों डॉलर और सालों लगेंगे. अमेरिकी ऑयल कंपनियां जैसे शेवरॉन, एक्सॉन वहां निवेश करने की तैयारी में हैं. यह बदलाव ग्लोबल ऑयल मार्केट को हिला सकता है. भारत जैसे देशों को नजर रखनी होगी कि पेट्रोल-डीजल के दाम कैसे प्रभावित होते हैं. ट्रंप का प्लान अगर सफल हुआ, तो अमेरिका की एनर्जी सिक्योरिटी मजबूत होगी, लेकिन दुनिया में तनाव भी बढ़ सकता है.