OXford University Press: भारत ही नहीं बल्कि दुनिया भर के लोग शिवाजी महाराज का काफी सम्मान करते हैं. शिवाजी जी महाराज एक महान भारतीय शासक थे. जिनके शौर्य की चर्चा आज भी दुनियाभर में होती है. उनकी शौर्यगाथा को काफी छात्र पढ़ते हैं, हालांकि ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस (OUP) इंडिया ने साल 2003 में कुछ ऐसा लिख दिया था जिसके लिए उसे शर्मिंदा होना पड़ा और अब ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस ने लिखे गए कंटेंट के लिए माफी मांगी है. जानिए क्या है पूरा मामला.
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस ने मांगी माफी
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस (OUP) इंडिया ने छत्रपति शिवाजी महाराज के 13वें वंशज उदयनराजे भोसले से दो दशक से भी पहले छपी एक किताब में महान मराठा राजा के बारे में दिए गए, बिना वेरिफाई किए गए कुछ बयानों के लिए माफी मांगी है. एक अखबार में छपे एक पब्लिक नोटिस में OUP इंडिया ने माना कि 2003 में छपी किताब ‘शिवाजी हिंदू किंग इन इस्लामिक इंडिया’ के पेज 31, 33, 34 और 93 पर दिए गए कुछ बयान बिना वेरिफाई किए गए थे.
मचा था बवाल
अमेरिकी लेखक जेम्स लेन की लिखी इस किताब से तब बवाल मच गया था जब जनवरी 2004 में पुणे के लॉ कॉलेज रोड पर मशहूर भंडारकर ओरिएंटल रिसर्च इंस्टीट्यूट (BORI) में संभाजी ब्रिगेड के 150 से ज्यादा एक्टिविस्ट ने तोड़फोड़ की थी. उनका आरोप था कि इस इंस्टीट्यूट ने लेखक की मदद की, जिसने किताब में शिवाजी महाराज के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की थी.
लंबे समय से कोर्ट में चल रहा था मामला
नोटिस में पब्लिशर ने उन बयानों के छपने पर अफसोस जताया और छत्रपति उदयनराजे भोसले और आम जनता से किसी भी परेशानी और तकलीफ के लिए माफी मांगी. नोटिस में कहा गया कि माफी OUP के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर सईद मंजर खान की तरफ से जारी की गई थी. माफीनामे के लिए बांबे हाईकोर्ट की कोल्हापुर बेंच ने निर्देश जारी किए थे. बता दें कि ये मामला लंबे समय से कोर्ट में चल रहा था और अब हाईकोर्ट के हालिया फैसले के बाद यह माफी जारी की गई.
