Hamas Lashkar Meeting Pakistan: पाकिस्तान एक बार फिर से चर्चा में आ गया है. लंबे समय से आतंकी संगठनों को पनाह देने के आरोप झेलता रहा है. हाल ही में पाकिस्तान में हमास और लश्कर-ए-तैयबा के कमांडरों की एक बड़ी बैठक सामने आई है. यह मुलाकात पाकिस्तान के गुजरांवाला शहर में हुई. यहां हमास के सीनियर नेता नाजी जहीर और लश्कर कमांडर राशिद अली संधू एक ही मंच पर नजर आए थे.

मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) का कार्यक्रम
यह कार्यक्रम पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) की ओर से आयोजित किया गया था. इसे लश्कर-ए-तैयबा का राजनीतिक चेहरा माना जाता है. सामने आए एक वीडियो में दोनों नेताओं को साथ बैठे देखा गया है. जानकारी के मुताबिक नाजी जहीर इस कार्यक्रम में चीफ गेस्ट के तौर पर मौजूद रहे थे. वहीं राशिद संधू PMML के नेता के रूप में सामने आए.

हमास और लश्कर की नजदीकी बढ़ी?
इस मुलाकात से यह संकेत तो मिलता है कि अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित ये दोनों आतंकी संगठन अब एक-दूसरे के और करीब आ रहे हैं. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि पाकिस्तान की धरती पर इस तरह की खुली मुलाकात दोनों संगठनों के बीच बढ़ते तालमेल को दिखाती है.

Add Zee News as a Preferred Source

नाजी जहीर के पुराने पाकिस्तान दौरे
नाजी जहीर वही हमास नेता हैं, जो फरवरी 2025 में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर गए थे. उस दौरे के दौरान उन्होंने लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के नेताओं के साथ मिलकर भारत विरोधी रैली को संबोधित करते नजर आए थे. यह दौरा पहलगाम आतंकी हमले से कुछ हफ्ते पहले हुआ था. बता दें कि नाजी जहीर का पाकिस्तान से रिश्ता काफी पुराना रहा है. जनवरी 2024 में कराची पहुंचे थे. उन्होंने कराची प्रेस क्लब में मीडिया से बातचीत की थी. बाद में अप्रैल 2024 में वे इस्लामाबाद गए थे. वहहां उन्हें इस्लामाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन ने सम्मानित किया था.

अक्टूबर 2023 के बाद लगातार गतिविधियां 
7 अक्टूबर 2023 को इजराइल में हुए आतंकी हमले के ठीक एक हफ्ते बाद 14 अक्टूबर को नाजी जहीर पाकिस्तान पहुंचे थे. उस दौरान उन्होंने पाकिस्तान की बड़ी इस्लामी पार्टी जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम के चीफ मौलाना फजलुर रहमान से मुलाकात की थी. उसी दिन उन्होंने पेशावर में आयोजित मुफ्ती महमूद कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित किया था. इस कॉन्फ्रेंस में खालिद मशाल वीडियो लिंक के जरिए जुड़े थे. वहीं इसके बाद 29 अक्टूबर 2023 को जहीर बलूचिस्तान के क्वेटा में अल-अक्सा स्टॉर्म कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए थे. नवंबर 2023 में कराची में हुई तूफान-ए-अक्सा कॉन्फ्रेंस में भी वे खालिद मशाल के साथ मंच साझा करते नजर आए थे. हालांकि मशाल वीडियो के जरिए जुड़े थे.

पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल
लगातार दौरों और बड़े आयोजनों से यह साफ होता है कि पाकिस्तान में हमास से जुड़े नेताओं की मौजूदगी बढ़ रही है. साथ ही उनका संपर्क वहां मौजूद आतंकी और कट्टरपंथी संगठनों से लगातार मजबूत हो रहा है. कई रिपोर्ट्स में इसे पाकिस्तान की डीप स्टेट यानी अंदरूनी ताकतों का समर्थन बताया जा रहा है.

अमेरिका की नजर
ये वीडियो ऐसे समय सामने आए हैं जब अमेरिका पाकिस्तान से गाजा में बनने वाली नई Stabilisation Force (किसी क्षेत्र में स्थिरता लाने और शांति बनाए रखने के लिए तैनात की गई सैन्य या बहुराष्ट्रीय सेना) भेजने की उम्मीद कर रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 20 प्वाइंट गाजा योजना में एक अंतरराष्ट्रीय फोर्स की बात कही गई है जो युद्ध से तबाह इलाके में शांति, पुनर्निर्माण और आर्थिक सुधार की निगरानी करेगी. हालांकि ऐसे माहौल में पाकिस्तान में हमास और लश्कर नेताओं की यह मुलाकात कई नए सवाल खड़े कर रही है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता भी काफी बढ़ा रही है.

यह भी पढ़ें: जिसका डर था वही हुआ! वेनेज़ुएला का तेल अब ट्रंप बेचेंगे, कमाई का पाई-पाई रखेंगे हिसाब, ऑयल के लिए दुनिया अमेरिका के आगे रगड़ेगी नाक?