News in Brief

Delhi Capitals Women vs Gujarat Giants Women: महिला प्रीमियर लीग 2026 के चौथे मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना गुजरात जायंट्स से हुआ. नवी मुंबई के डी. वाई. पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में आखिरी गेंद तक फैंस की धड़कनें तेज करने वाला मुकाबला हुआ. गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रनों का पहाड़ खड़ा किया था, जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 19वें ओवर तक शानदार लड़ाई लड़ी, लेकिन आखिरी ओवर में 7 रन नहीं बना सकी और गुजरात जायंट्स ने 4 रन से मैच जीत लिया.

दिल्ली कैपिटल्स बनाम गुजरात जायंट्स मैच यूं तो कई खिलाड़ियों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया, लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां भारत की नंदिनी शर्मा ने बटोरी. उन्होंने पारी के आखिरी ओवर में हैट्रिक सहित 4 विकेट लेकर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी.

नंदनी शर्मा ने हैट्रिक लेकर मचाई सनसनी

Add Zee News as a Preferred Source

दिल्ली कैपिटल्स की तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा WPL के इतिहास में हैट्रिक लेने वाली चौथी महिला खिलाड़ी बन गई हैं. उनसे पहले इस्सी वोंग, दीप्ति शर्मा और ग्रेस हैरिस ने ये स्पेशल कारनामा किया था. गुजरात जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में नंदनी ने आखिरी ओवर में विकेट की झड़ी लगा दी. उन्होंने दूसरी गेंद पर काश्वी गौतम को आउट किया. फिर चौथी गेंद पर कनिका आहूजा, 5वीं पर गायकवाड़ और अंतिम बॉल पर रेणुका सिंह को क्लीन बोल्ड कर इतिहास रच दिया. उन्होंने अपने 4 ओवर में 33 रन देकर 5 विकेट चटकाए. नंदनी शर्मा WPL के इतिहास में पंजा खोलने वाली सिर्फ दूसरी भारतीय खिलाड़ी बनीं. उनसे पहले स्पिनर आशा शोभना ने 2024 में RCB की तरफ से खेलते हुए ये कारनामा किया था.

गुजरात जायंट्स की जीत में चमकी सोफी डिवाइन

अगर ये कहें कि न्यूजीलैंड की स्टार खिलाड़ी सोफी डिवाइन ने दिल्ली कैपिटल्स के जबड़े से जीत छीन ली तो गलत नहीं होगा. 210 रनों का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 19 ओवर में 203 रन बना लिए थे. साउथ अफ्रीका महिला टीम की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट तूफानी अंदाज में खेल रही थीं. ऐसा लगा कि वो एक गेंद पर मैच खत्म कर देगी, लेकिन अंतिम ओवर में सोफी डिवाइन का जादू देखने को मिला. उन्होंने पहली गेंद पर पहले दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स को आउट किया और फिर 5वीं गेंद पर वोल्वार्ड्ट को आउट कर मैच का पासा पलट दिया. वोल्वार्ड्ट ने 38 गेंदों पर 77 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकी. गेंद से कमाल करने से पहले डिवाइन ने बल्ले से भी धमाल मचाते हुए 42 गेंदों पर 95 रनों की शानदार पारी खेली.

ये भी पढ़ें: 8 रन पर 3 विकेटकोहली के आउट होते ही फंसा पेच, फिर कोच गंभीर के इस ‘मास्टरप्लान‘ से NZ का हुआ काम-तमाम