News in Brief

देश में ठंड और कोहरे का कहर जारी है. 12 जनवरी को लेकर मौसम विभाग ने कड़ाके की ठंड जारी रहने का अनुमान लगाया है. कुछ इलाकों में तेज ठंड की वजह से पारा 2 डिग्री सेल्सियस तक भी जा सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि ‘तेज शीतलहर’ और ‘घने कोहरे’ का कॉम्बिनेशन पूरे उत्तर-पश्चिम में जनजीवन अस्त-व्यस्त रहेगा. IMD के लेटेस्ट बुलेटिन के मुताबिक, 12 जनवरी को राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में तेज शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा. 

दिल्ली में न्यूनतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है. मौसम एक्सपर्ट के मुताबिक, ‘उत्तर की शीतलहर गुजरात के कच्छ, पश्चिम में पंजाब और राजस्थान तक पहुंच रही है. कच्छ में कई जगहों पर कड़ाके की ठंड है और हम यही ठंड उत्तर प्रदेश और बिहार में भी देख सकते हैं.’ घने कोहरे की वजह से उत्तर प्रदेश और बिहार में विज़िबिलिटी काफी कम होने की उम्मीद है. IMD ने चेतावनी दी है कि इससे ड्राइविंग में दिक्कत हो सकती है और पावर लाइन ट्रिपिंग की भी संभावना है.

जानिए कैसा रहेगा दक्षिण भारत का हाल?
एक ओर जहां उत्तर भारत में लोग ठंड से कांप रहे हैं. वहीं दक्षिण के कुछ हिस्सों में अलग कहानी होगी. मौसम एक्सपर्ट के मुताबिक, ‘दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में बादल छाए रहेंगे,’ हालांकि उन्होंने साफ किया कि मध्य भारत में बारिश की संभावना नहीं है. आगे देखें तो, वैश्विक मौसम पैटर्न भी बदल रहे हैं. स्काईमेट वेदर के अनुसार, मौजूदा ला नीना की स्थिति, जो अक्सर भारतीय सर्दियों को प्रभावित करती है, 2026 की शुरुआती वसंत तक खत्म होने की उम्मीद है.

Add Zee News as a Preferred Source

लोगों से अपील कि बाहर न निकलें 
यह बदलाव इस साल के आखिर में मानसून के मौसम के दौरान अल नीनो की वापसी का रास्ता खोल सकता है, जिससे पूरे उपमहाद्वीप में बारिश के पैटर्न पर असर पड़ सकता है. फिलहाल IMD ने ठंड से प्रभावित इलाकों के निवासियों को सलाह दी है कि वे ऊनी कपड़ों की कई परतें पहनें और फ्रॉस्टबाइट से बचने के लिए बाहरी गतिविधियों से बचें.

यह भी पढ़ेंः BMC चुनाव में सबसे अमीर उम्मीदवार कौन? जानिए उसके पास कितनी संपत्ति