दक्षिण अमेरिका की राजनीति इन दिनों बड़े बदलावों से गुजर रही है. वेनेजुएला में अमेरिका द्वारा पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार किए जाने के बाद इसका सबसे बड़ा झटका कोलंबिया के विद्रोही संगठन ELN (नेशनल लिबरेशन आर्मी) को लगा है. Associated Press की रिपोर्ट के मुताबिक मादुरो की गिरफ्तारी ने इस 65 साल पुराने विद्रोही नेटवर्क की जड़ों को हिला दिया है.

ELN ने अचानक क्यों बदला सुर?
सोमवार को ELN ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर एक लंबा बयान जारी किया. इसमें उन्होंने कहा कि वह कोलंबिया सरकार के साथ मिलकर “राष्ट्रीय समझौता” बनाना चाहते हैं, ताकि देश में गरीबी, जंगलों की सुरक्षा और ग्रामीण इलाकों में फैले ड्रग तस्करी के नेटवर्क को खत्म किया जा सके. ये वही ELN है जिसे कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेत्रो लंबे समय से “ड्रग तस्करी के नाम पर लड़ने वाला नकली गुरिल्ला ग्रुप” बताते रहे हैं.

अमेरिका-कोलंबिया की संयुक्त कार्रवाई का दबाव
हाल ही में खबर आई थी कि अमेरिका और कोलंबिया दोनों मिलकर ELN पर कड़ा अभियान शुरू कर सकते हैं. AP की रिपोर्ट में कोलंबिया के इंटीरियर मंत्री आर्मांडो बेनेडेट्टी के हवाले से कहा गया कि पेत्रो और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फोन कॉल में भी ELN और उसका ड्रग नेटवर्क बड़ा मुद्दा था. बेनेडेट्टी ने खुलासा किया कि दोनों देशों की एजेंसियां वेनेजुएला में मौजूद ELN के कैंपों पर संयुक्त कार्रवाई कर सकती हैं. यहीं से ELN को सबसे ज्यादा सुरक्षा मिलती रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

मादुरो की गिरफ्तारी से बदला पूरा समीकरण
मादुरो पर अमेरिका ने ड्रग तस्करी का केस दर्ज किया है, जिसमें आरोप है कि उन्होंने वेनेजुएला में ELN को संरक्षण दिया था.मादुरो के जाने के बाद ELN को समझ आ गया कि उसका सुरक्षित ठिकाना अब सुरक्षित नहीं रहा. इसी डर ने इस संगठन को सरकार के साथ समझौते की राह पर ला दिया.

क्या है ELN?
कोलंबिया का सबसे पुराना बचा हुआ विद्रोही ग्रुप ELN (नेशनल लिबरेशन आर्मी) अब सच में डर के मारे कांप रहा है. 1960 के दशक में शुरू हुआ ये संगठन, क्यूबा क्रांति से प्रेरित स्टूडेंट्स, यूनियन वाले और कुछ पादरियों ने बनाया था. कैमिलो टोर्रेस जैसे लोग इसमें शामिल थे, जो गरीबी, अमीरी की खाई और अमेरिकी दखल के खिलाफ लड़ते थे. मार्क्सवादी विचारधारा से शुरू, लेकिन अब ये ड्रग ट्रैफिकिंग, किडनैपिंग और एक्सटॉर्शन में डूब चुका है. आज इनके पास 5,000-6,000 फाइटर हैं, जो कोलंबिया-वेनेजुएला बॉर्डर पर घूमते हैं. कोलंबिया सरकार ने पिछले साल शांतिवार्ता रोक दी थी जब ELN ने उत्तर-पूर्वी कैटटाम्बो क्षेत्र में बड़ा हमला किया था, जिसमें हजारों लोग विस्थापित हुए थे. अब जब अमेरिका और कोलंबिया दोनों ELN को घेरते दिख रहे हैं, यह ग्रुप पहली बार डरे हुए अंदाज में सरकार से बातचीत की गुहार लगा रहा है.