वैसे तो तमिलनाडु में भी इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं लेकिन फिलहाल बीएमसी चुनाव में तमिलनाडु की चर्चा काफी हो रही है. राज ठाकरे ने भाजपा नेता अन्नामलाई को ‘रसमलाई’ कहते हुए तंज कसा. दरअसल भाजपा नेता अन्नामलाई मुंबई के इस हाई प्रोफाइल चुनाव में प्रचार करने आए हैं. इसे मनसे चीफ राज ठाकरे ने ‘मराठी मानुष बनाम बाहरी’ का मुद्दा बना दिया. हां, वो जो मुंबई से बाहर का है. ऐसे में यह समझना दिलचस्प हो जाता है कि मुंबई में साउथ के नेता प्रचार करने क्यों आए हैं. इसमें चुनावी एंगल क्या है और यह बात ठाकरे बंधुओं को अखर क्यों रही है?
शिवसेना (उद्धव) के नेता आदित्य ठाकरे ने अन्नामलाई के बयान का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उनकी पार्टी मुंबई और महाराष्ट्र को लूटना और उसका अपमान करना चाहती है. आदित्य ने कहा, ‘अन्नामलाई भाजपा का चेहरा हैं, जो जीरो हैं. वह अपने यहां (तमिलनाडु) तो जीत ही नहीं पाए.’ उन्होंने कहा कि ऐसा दिखाया जा रहा था कि जैसे अगले प्रधानमंत्री वही होंगे लेकिन तमिलनाडु ने दिखा दिया कि वह जीरो हैं. अन्नामलाई ने मुंबई को एक इंटरनेशनल सिटी कहा था, जो केवल महाराष्ट्र का एक शहर नहीं है.
इस चुनाव में उद्धव और राज ठाकरे दोनों भाई मिलकर बीएमसी चुनाव लड़ रहे हैं. यह राजनीतिक घटनाक्रम महत्वपूर्ण है क्योंकि 20 साल बाद ठाकरे परिवार फिर से एक हुआ है. मुंबई में तमिलनाडु की चर्चा चली है तो पूर्व मंत्री आदित्य ने यह भी कह दिया कि वहां डीएमके के नेता और सीएम एमके स्टालिन शानदार काम कर रहे हैं और तमिलनाडु को तेजी के साथ आगे बढ़ा रहे हैं लेकिन ये लोग केवल लड़ रहे हैं और गाली दे रहे हैं. उनका इशारा भाजपा की तरफ था.
धारावी में अपनी चुनावी रैली में दिए भाषण का बचाव करते हुए अन्नामलाई ने जवाब दिया है कि अगर मैं कहता हूं कि कामराज (स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व सीएम) भारत के एक महान नेता थे तो इसका मतलब यह नहीं है कि वो तमिल नहीं हैं. अगर मैं कहता हूं कि मुंबई एक वर्ल्ड क्लास शहर तो क्या इसका मतलब यह हुआ कि इसे महाराष्ट्रियंस ने नहीं बनाया? पूर्व आईपीएस अफसर अन्नामलाई ने उन आरोपों को खारिज किया है कि उनकी टिप्पणी मराठी अस्मिता को कम करके दिखाती है.
यह भी जान लीजिए कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के राज ठाकरे ने अन्नामलाई पर लुंगी और पुंगी वाला जो कटाक्ष किया है वह बाल ठाकरे के समय 60-70 के दशक में शिवसेना की तरफ से इस्तेमाल किया जाता रहा है. इसमें निशाना तमिल लोगों पर होता था और उन्हें हटाने के लिए स्थानीय लोगों से कहा जाता था. राज ने इसी दौरान नाम गलत लेते हुए कहा, ‘एक रसमलाई तमिलनाडु से आया है. उसका यहां से क्या कनेक्शन है?’
हां, मुंबई से तमिलनाडु का क्या कनेक्शन?
असल में कनेक्शन है. मुंबई में तमिल बोलने वाली आबादी करीब आधा दर्जन वार्डों में रहती है. इनकी संख्या कुल वोटर का 4 प्रतिशत हो सकती है. मुंबई में तमिल आबादी का बड़ा हिस्सा स्लम में रहता है विशेष रूप से धारावी में. लोगों को शायद यह होगा कि तमिलनाडु में भले ही भाजपा एक भी सीट नहीं जीती लेकिन महाराष्ट्र में उसका एक तमिल मूल का सांसद है. नाम आर. तमिल सेलवन है जो सायन कोलीवाडा (मुंबई) से जीते हैं.
दक्षिण भारतीय तमिल लोग लुंगी पहनते हैं. 1960 के दशक में उन्हें बाहरी बताते हुए उनके खिलाफ सेंटिमेंट पैदा करते हुए शिवसेना ने अपना जनाधार बढ़ाया था. तब बॉम्बे हुआ करता था. स्थानीय मराठी बोलने वाली आबादी में बेरोजगारी के लिए ठाकरे ने ऐसे ही तमिल, मलयाली, कन्नडिगा जैसे दक्षिण भारतीयों पर निशाना साधा था. वह अपने वीकली कार्टून में यह सब करते थे. महाराष्ट्र में लुंगी को बाहरी का प्रतीक बना दिया गया. आरोप लगाए गए कि ये बैंकों, सरकारी दफ्तरों और प्राइवेट सेक्टरों में भी प्राइवेट मानुष की नौकरी ‘चुरा’ ले रहे हैं. बाद में शिवसेना हिंदुत्व के एजेंडे पर चली गई थी. अब मराठी वोट बैंक को फिर से एकजुट करने के लिए शिवसेना और मनसे ने उस दांव को दोहराया है.
पुणे और मुंबई समेत महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में 15 जनवरी को वोट डाले जाएंगे और 16 को काउंटिंग होगी.
