BMC Elections: बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनावों से पहले महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है. इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मराठी पहचान को लेकर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बीएमसी का नेतृत्व केवल मराठी व्यक्ति के हाथों में ही रहेगा. विपक्ष द्वारा ‘मराठी मानुष खतरे में है’ जैसे दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा कि मराठी समाज का अस्तित्व सुरक्षित है बल्कि कुछ राजनीतिक दलों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है. उन्होंने जोर देकर कहा कि महाराष्ट्र सभी मराठी लोगों का है न कि किसी एक समूह की जागीर.
मराठी लोगों का अस्तित्व खतरे में नहीं: फडणवीस
सीएम फडणवीस ने कहा कि मराठी लोगों का अस्तित्व खतरे में नहीं है. आपका अस्तित्व खतरे में है. आप पूरा महाराष्ट्र नहीं हैं और आप अकेले मराठी नहीं हैं. मैं फिर दोहराता हूं कि बीएमसी में सत्ता मराठी व्यक्ति के हाथों में ही रहेगी. इस बीच, मुख्यमंत्री ने स्कूलों में हिंदी और अंग्रेजी पढ़ाए जाने को लेकर चल रहे विवाद पर भी सफाई दी. उन्होंने कहा कि यह फैसला उनकी सरकार का नहीं, बल्कि उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री रहते हुए लिया गया था.
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में महिलाओं को मकर संक्रांति पर मिलेगा गिफ्ट! 3000 रुपये अकाउंट में होंगे ट्रांसफर, कांग्रेस ने जताई आपत्ति
फडणवीस के मुताबिक, सितंबर 2021 में एक रिपोर्ट में स्कूलों में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाएं पढ़ाने की सिफारिश की गई थी, जिसे 20 जनवरी 2022 को तत्कालीन उद्धव ठाकरे कैबिनेट ने मंजूरी दी थी. उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने केवल उस निर्णय के क्रियान्वयन का अध्ययन करने के लिए केवल एक समिति बनाई थी. इस पर बेवजह हंगामा खड़ा किया गया है.
बता दें, इससे पहले शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने राज्य सरकार पर मुंबई को पिछले 3 सालों में बर्बाद करने और अविभाजित शिवसेना के 25 वर्षों के काम को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया था. वहीं, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने मराठी एकता की अपील करते हुए चेतावनी दी थी कि राज्य की भाषा, भूमि और पहचान खतरे में है. उन्होंने आरोप लगाया था कि महाराष्ट्र में हिंदी थोपने की कोशिश की जा रही है और कहा कि ऐसे किसी भी प्रयास का विरोध किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: ‘वोटों का बंटवारा रोकना था मकसद…’ एनसीपी से गठबंधन पर अजित पवार की दो टूक
राज ठाकरे ने बीएमसी चुनावों को मराठी समाज के लिए निर्णायक बताते हुए मतदाताओं से एकजुट होने और मतदान के दिन सतर्क रहने की अपील की थी. इस बीच आपको बता दें कि महाराष्ट्र में यह सियासी बयानबाजी 29 नगर निगमों के चुनावों से पहले तेज हुई है जिनमें बीएमसी, पुणे नगर निगम और पिंपरी-चिंचवड नगर निगम प्रमुख हैं. इन चुनावों के लिए मतदान 15 जनवरी को और मतगणना 16 जनवरी को प्रस्तावित है.
