RCB IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल के पिछले सीजन में खिताब पर कब्जा किया था. उसने पहली बार इस ट्रॉफी को उठाने में सफलता हासिल की थी. उसके बाद से टीम के लिए सबकुछ अच्छा नहीं हो रहा है. जीत का जश्न मनाने के लिए टीम जब बेंगलुरु पहुंची तो वहां दर्शकों की अधिक संख्या के कारण भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई. उसके बाद टीम के होमग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को अनफिट करार दिया गया और वहां तब से कोई मैच नहीं हुए हैं. अब आईपीएल 2026 के मैच के वहां होने की संभावना काफी कम है.
कहां खेलेगी आरसीबी?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के आने वाले आईपीएल सीजन के होम मैच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं होंगे. फ्रेंचाइजी अगले सीज़न में अपने होम मैच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम और रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेल सकती है. इसे लेकर अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है दोनों स्टेडियम को शॉर्टलिस्ट कर लिया गया है.
ये भी पढ़ें: Explained: अंडर-19 वर्ल्ड कप में इस बार क्या खास? पहली बार खेलेगा यह देश, 10 पॉइंट्स में जानें सबकुछ
इन तीन ग्राउंड पर होंगे आईपीएल के मैच
द टाइम्स ऑफ इंडिया ने मंगलवार को एक सूत्र के हवाले से बताया, ”आरसीबी IPL 2026 के दौरान नवी मुंबई में पांच और रायपुर में दो मैच खेलेगी. आरसीबी के अधिकारियों ने हाल ही में संबंधित अधिकारियों के साथ मीटिंग के बाद इस व्यवस्था को फाइनल किया है.” दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स अपने होम मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी. पिछले साल आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव कराने में नाकाम रहने के बाद राजस्थान रॉयल्स के होम मैचों की मेजबानी खोने की संभावना का बड़ा संकेत दिया था.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup Controversy: बांग्लादेश की नई नौटंकी… भारत के ‘दुश्मन’ देश में खेलने की मांग, ICC ने दिखाया औकात
जयपुर और बेंगलुरु को झटका
राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन को एक एड-हॉक कमेटी चला रही थी, क्योंकि दो विरोधी गुट वैधता का दावा कर रहे थे. धूमल ने अबू धाबी में IPL मिनी-ऑक्शन के बाद कहा, “हमने पिछले साल ही RCA को बता दिया था कि अगर आप ये चुनाव नहीं करा पाते हैं, तो हमारे लिए वहां टूर्नामेंट कराना मुश्किल होगा.” बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 4 जून को वेन्यू के बाहर हुई जानलेवा भगदड़ के बाद कोई भी इंटरनेशनल मैच नहीं हुआ है. कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) हाल ही में राज्य सरकार के साथ मीटिंग करके वेन्यू पर टॉप-फ्लाइट क्रिकेट वापस लाने की कड़ी कोशिश कर रहा है.
