News in Brief

BBL 2025-26: बिग बैश लीग 2025-26 के 34वें मैच में मेलबर्न स्टार्स ने एडिलेड स्ट्राइकर्स को 6 विकेट से हराकर क्वालीफायर में अपनी जगह पक्की कर ली है. MCG पर खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी सैम करन के भाई टॉम करन ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट चटकाए. एडिलेड स्ट्राइकर्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 83 रनों पर ढेर हो गई. मेलबर्न स्टार्स ने 15.1 ओवरों में 4 विकेट खोकर लक्ष्य का पीछा कर लिया.

क्वालीफायर में पहुंची मेलबर्न स्टार्स

9 में से 6 मुकाबले जीतने के बाद मेलबर्न स्टार्स प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर है. वहीं, 9 में से 6 मुकाबले गंवाने के बाद एडिलेड स्ट्राइकर्स छठे स्थान पर है. यह टीम अगले दौर से बाहर हो चुकी है.

Add Zee News as a Preferred Source

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी एडिलेड स्ट्राइकर्स 19.3 ओवरों में महज 83 रन पर सिमट गई. इस टीम ने दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर एलेक्स कैरी (3) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया और टीम शतक भी पूरा नहीं कर सकी.

कैमरून बॉयस 18 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए, जबकि लियाम स्कॉट ने 18 रन की पारी खेली. इनके अलावा, कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका. विपक्षी खेमे से टॉम करन ने 4 ओवरों में महज 10 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि मिचेल स्वेपसन ने 3 विकेट निकाले. मार्कस स्टोइनिस ने 2 और पीटर सिडल ने 1 विकेट हासिल किया.

इसके जवाब में मेलबर्न स्टार्स ने 15.1 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. इस टीम ने 13 के स्कोर तक सैम हार्पर (9) और कैंपबेल केल्लावे (0) का विकेट गंवा दिया था. यहां से थॉमस फ्रेजर रोजर्स ने ब्लेक मैक्डोनाल्ड के साथ तीसरे विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी की. मैक्डोनाल्ड 11 रन टीम के खाते में जोड़कर पवेलियन लौटे, जिसके बाद रोजर ने कप्तान मार्कस स्टोइनिस के साथ चौथे विकेट के लिए 34 रन जुटाते हुए टीम को जीत की दहलीज पर ला दिया. थॉमस फ्रेजर रोजर्स 40 गेंदों में 2 चौकों के साथ 32 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि कप्तान स्टोइनिस 20 गेंदों में 23 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए. 

यहां से टॉम करन ने 9 रन की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को आसान जीत दिलाई. विपक्षी खेमे से लियाम स्कॉट ने 2 विकेट निकाले, जबकि हसन अली और जेमी ओवरटन ने 1-1 विकेट हासिल किया.