Trump Whole Milk Law: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होल मिल्क फॉर हेल्दी किड्स एक्ट नाम के बिल पर साइन कर इसे कानून बना दिया है. यह इस साल का पहला कानून है जिस पर ट्रंप ने हस्ताक्षर किए हैं. इस कानून के बाद अमेरिका भर के स्कूलों की कैंटीन में फिर से फुल क्रीम दूध दिया जा सकेगा. इससे पहले स्कूलों में सिर्फ लो फैट या बिना फैट वाला दूध ही दिया जाता था.

बच्चों और किसानों को मिलेगा फायदा
राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कहा कि इस कानून से लाखों स्कूली बच्चों को अच्छी क्वालिटी का दूध मिलेगा. उन्होंने यह भी कहा कि डेयरी किसान लंबे समय से इस बदलाव की मांग कर रहे थे. अब उनकी मेहनत रंग लाई है. ट्रंप के मुताबिक नेशनल स्कूल लंच प्रोग्राम में शामिल स्कूलों को अब तक सिर्फ कम फैट वाला दूध देने की इजाजत थी लेकिन अब यह नियम बदल गया है.

बता दे कि इस नए कानून के तहत अब माता-पिता को अपने बच्चों के लिए दूध के दूसरे विकल्प मांगने पर डॉक्टर की लिखित पर्ची देने की जरूरत नहीं होगी. पहले यह नियम था कि अगर बच्चे को दूध से परेशानी होती है तो डॉक्टर की सलाह जरूरी होगी. ट्रंप ने पुराने नियम को बेकार बताया है. साथ ही कहा कि बच्चों के लिए क्या सही है यह फैसला माता-पिता को करना चाहिए.

Add Zee News as a Preferred Source

जल्द लागू होंगे नए नियम
कृषि मंत्री ब्रुक रोलिंस ने कहा कि इस कानून को जल्दी लागू किया जाएगा. उन्होंने बताया कि कृषि विभाग तुरंत दिशा-निर्देश जारी करेगा. नियम बनाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. उनके मुताबिक ही कुछ हफ्तों में स्कूलों तक फुल क्रीम दूध पहुंचने लगेगा.

डेयरी सेक्टर को सहारा
ब्रुक रोलिंस का कहना है कि कानून पर दस्तखत के वक्त देश भर से डेयरी किसान मौजूद थे. इनमें छोटे परिवार वाले फार्म और बड़े डेयरी प्लांट दोनों शामिल थे. उन्होंने कहा कि यह कानून गांव और ग्रामीण इलाकों को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है. इससे दूध की मांग बढ़ेगी और किसानों को बेहतर बाजार मिल सकेगा.

सेहत से जुड़ी सोच
स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्ट एफ कैनेडी जूनियर ने कहा कि यह कानून कई सालों से चली आ रही गलत नीतियों को ठीक करने का काम करता है. उन्होंने बताया कि लंबे समय तक फैट, खासकर सैचुरेटेड फैट को गलत माना गया जबकि विज्ञान ने कभी यह साबित नहीं किया कि फुल क्रीम दूध बच्चों के लिए नुकसानदेह है.

मीठे ड्रिंक्स की ओर गए बच्चे
कैनेडी ने कहा कि जब स्कूलों से फुल क्रीम दूध हटाया गया था. तब बच्चों ने दूध पीना ही कम कर दिया. इसकी जगह उन्होंने मीठे और कैफीन वाले ड्रिंक्स पीने शुरू कर दिए. उन्होंने साफ कहा कि इस बदलाव से बच्चों की सेहत सुधरने की बजाय बिगड़ गई.

शरीर के लिए फायदेमंद
हाउसिंग मंत्री बेन कार्सन जो पेशे से न्यूरोसर्जन रह चुके हैं, उन्होंने ने भी इस फैसले का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि फुल क्रीम दूध दिमाग के विकास और शरीर की बढ़त के लिए बहुत अच्छा होता है. उनके मुताबिक, दूध दिमाग पर अच्छा असर डालता है.

राजनीतिक समर्थन भी मिला
डेमोक्रेटिक सीनेटर पीटर वेल्च ने कहा कि डेयरी किसान ग्रामीण इलाकों की रीढ़ हैं. फुल क्रीम दूध से बच्चों को फायदा होगा. स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. वहीं रिपब्लिकन नेताओं का कहना है कि पुराने नियमों से दूध की खपत घटी और गांवों को नुकसान पहुंचा.

नए कानून के तहत अब स्कूलों में फुल क्रीम, कम फैट, लो फैट और बिना फैट वाला दूध दिया जा सकेगा. यह दूध फ्लेवर वाला या सादा, ऑर्गेनिक या सामान्य किसी भी तरह का हो सकता है. यह बदलाव नई डाइट गाइडलाइन और फूड पिरामिड के हिसाब से किया गया है. करीब 15 साल से चला आ रहा यह मुद्दा अब सुलझ गया है. इस फैसले से बच्चों, माता-पिता और डेयरी किसानों तीनों को राहत मिली है.

यह भी पढ़ें: US ने 75 देशों के नागरिकों को वीजा देने पर लगाया बैन, 21 जनवरी से लागू होगा आदेश; इन मुल्कों के नाम शामिल