Princess Leonor Spain: राजकुमारी लियोनोर राजा फेलिप VI और रानी लेटिजिया की बड़ी बेटी हैं. वह 1800 के दशक में शासन करने वाली महारानी इसाबेला द्वितीय के बाद स्पेन की पहली महिला शासक बनेंगी. यह स्पेन के इतिहास में एक बड़ा और ऐतिहासिक पल बताया जा रहा है. स्पेन में पिछले करीब डेढ़ सौ सालों से कोई महिला शासक नहीं रही है. अब 20 साल की उम्र में राजकुमारी लियोनोर देश की अगली रानी बनने जा रही हैं. वह बोर्बोन राजवंश से ताल्लुक रखती हैं जो 1700 के दशक से स्पेन पर शासन करता आ रहा है.
कैसे बहाल हुई स्पेन में राजशाही
जनरल फ्रेंको की तानाशाही खत्म होने के बाद साल 1975 में स्पेन में दोबारा राजशाही की वापसी हुई थी. उस समय राजा जुआन कार्लोस प्रथम ने सत्ता संभाली और देश को लोकतंत्र की राह पर आगे बढ़ाया. इसके बाद उन्होंने 2014 में गद्दी छोड़ दी और अपने बेटे फेलिप VI को राजा बनाया. अब राजा फेलिप की बेटी लियोनोर सिंहासन की अगली उत्तराधिकारी हैं. वह इस पद को संभालने वाली हैं.
कौन हैं राजकुमारी लियोनोर
राजा फेलिप ने साल 2004 में पूर्व पत्रकार लेटिजिया से शादी की थी. रानी लेटिजिया उस समय 42 साल की थीं. इस शाही जोड़े की दो बेटियां हैं. बड़ी बेटी लियोनोर का जन्म 2005 में हुआ और वही सिंहासन की उत्तराधिकारी हैं. छोटी बेटी इन्फेंटा सोफिया का जन्म 2007 में हुआ था.
रानी बनने से पहले ट्रेनिंग
स्पेन के कानून के मुताबिक किसी भी उत्तराधिकारी को राजा या रानी बनने से पहले सेना, नौसेना और वायुसेना की ट्रेनिंग लेनी पड़ती है. राजकुमारी लियोनोर ने वेल्स के यूडब्ल्यूसी अटलांटिक कॉलेज से इंटरनेशनल बैकलॉरिएट की पढ़ाई की है. इसके बाद उन्होंने देश की कमांडर-इन-चीफ के रूप में सैन्य प्रशिक्षण शुरू किया था. बता दें कि लियोनोर ने अगस्त 2023 में जरागोजा में सेना की ट्रेनिंग से अपने सैन्य सफर की शुरुआत की. वह वहां 560 कैडेट्स के एक ग्रुप का हिस्सा बनीं और आम कैडेट्स की तरह ही पूरी ट्रेनिंग ली.
140 दिनों की समुद्री यात्रा
साल 2024 में उन्होंने गैलिसिया में नौसेना की ट्रेनिंग शुरू की. इस दौरान वह ट्रेनिंग शिप जुआन सेबेस्टियन डी एल्कानो पर सवार होकर 140 दिनों की समुद्री यात्रा पर निकलीं. इस सफर में उन्होंने करीब 17000 मील की दूरी तय की है.
उन्होंने अटलांटिक महासागर पार किया, दक्षिण अमेरिका के आसपास यात्रा की और न्यूयॉर्क तक पहुंचीं. इस दौरान वह जहाज के क्रू मेंबर की तरह काम करती रहीं. इसके बाद दिसंबर 2025 में राजकुमारी लियोनोर ने पिलाटस पीसी-21 विमान में अपनी पहली सोलो उड़ान भरी. ऐसा करने वाली वह स्पेन के शाही परिवार की पहली महिला सदस्य भी बन गईं.
बता दें कि सेना, नौसेना और वायुसेना की पूरी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद अब लियोनोर पूरी तरह तैयार हैं. सिर्फ 20 साल की उम्र में वह स्पेन की गद्दी संभालने जा रही हैं. 150 साल बाद देश को पहली रानी देने जा रही हैं. यह पल स्पेन के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा.
यह भी पढ़ें: लाखों की तादाद फिर भी अकेलापन… ये हैं दुनिया के सबसे सूने शहर, यहां भीड़ में भी अकेले रहते हैं लोग
