
Board of Peace Gaza: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा संघर्ष को खत्म करने के लिए अपनी 20 पॉइन्ट्स वाली शांति योजना के दूसरे चरण की शुरुआत कर दी है. इसके तहत उन्होंने बोर्ड ऑफ पीस के सदस्यों की लिस्ट जारी की है. व्हाइट हाउस के बयान के अनुसार यह बोर्ड गाजा में शांति बहाली, शासन व्यवस्था को मजबूत करने और भविष्य की स्थिरता पर काम करेगा.
बोर्ड ऑफ पीस में कौन-कौन शामिल
इस बोर्ड में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर, ट्रंप के खास दूत स्टीव विटकॉफ, वर्ल्ड बैंक ग्रुप के अध्यक्ष अजय बंगा और ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर को शामिल किया गया है. इसके अलावा अपोलो ग्लोबल मैनेजमेंट के सीईओ मार्क रोवन और अमेरिका के डिप्टी नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर रॉबर्ट गेब्रियल भी इस टीम का हिस्सा हैं.
व्हाइट हाउस ने बताया कि बोर्ड का हर सदस्य गाजा से जुड़े एक खास काम की जिम्मेदारी संभालेगा. इसमें प्रशासन को मजबूत करना, आसपास के देशों से रिश्ते बेहतर करना, दोबारा निर्माण, निवेश लाना, बड़े स्तर पर फंड जुटाना और पूंजी की व्यवस्था जैसे काम शामिल हैं.
ट्रंप खुद हैं बोर्ड के चेयरमैन
डोनाल्ड ट्रंप खुद इस बोर्ड ऑफ पीस के चेयरमैन होंगे. उन्होंने आर्ये लाइटस्टोन और जोश ग्रुएनबाम को सीनियर एडवाइजर नियुक्त किया है. ये दोनों रोजमर्रा की रणनीति और कामकाज संभालेंगे और बोर्ड के फैसलों को जमीन पर लागू करने का काम करेंगे.
गाजा के लिए खास प्रतिनिधि
इस बोर्ड के एक सदस्य निकोले म्लादेनोव को गाजा के लिए हाई रिप्रेजेंटेटिव बनाया गया है. वे बोर्ड ऑफ पीस और गाजा के प्रशासन के लिए बनाई गई नेशनल कमेटी (NCAG) के बीच कड़ी का काम करेंगे. व्हाइट हाउस के मुताबिक NCAG इस शांति योजना के दूसरे चरण को लागू करने की दिशा में एक अहम कदम है.
NCAG की जिम्मेदारी
NCAG की अगुवाई अली शाथ करेंगे जिन्हें एक अनुभवी और भरोसेमंद तकनीकी नेता बताया गया है. उनका काम गाजा में जरूरी सरकारी सेवाएं दोबारा शुरू करना, नागरिक संस्थाओं को फिर से खड़ा करना है. आम लोगों की जिंदगी को स्थिर बनाना है. इसके साथ ही लंबे समय के लिए आत्मनिर्भर शासन की नींव भी रखी जाएगी.
सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय बल
गाजा में सुरक्षा बनाए रखने के लिए मेजर जनरल जैस्पर जेफर्स को इंटरनेशनल स्टेबलाइजेशन फोर्स (ISF) का कमांडर बनाया गया है. वे सुरक्षा अभियान चलाएंगे, हथियार हटाने की प्रक्रिया में मदद करेंगे. राहत सामग्री व निर्माण से जुड़े सामान की सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे.
गाजा एग्जीक्यूटिव बोर्ड भी बना
इस ऐलान के साथ गाजा एग्जीक्यूटिव बोर्ड के सदस्यों के नाम भी बताए गए हैं. इसमें टोनी ब्लेयर, जैरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ के अलावा तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान, कतर के राजनयिक अली अल थवाड़ी और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल हैं.
बता दें, यह घोषणा ऐसे समय पर आई है जब कुछ ही दिन पहले स्टीव विटकॉफ ने गाजा युद्ध को खत्म करने की अमेरिकी योजना के दूसरे चरण की शुरुआत का ऐलान किया था. व्हाइट हाउस का कहना है कि यह पूरी योजना गाजा में शांति, स्थिरता, दोबारा निर्माण और समृद्धि लाने के लिए बनाई गई है.
यह भी पढ़ें: ईरान के बाद अब ट्रंप ने गाजा के लिए उठाया बड़ा कदम, कर दिया शांति बोर्ड बनाने का ऐलान
