IND vs NZ: भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज में जीत-हार से ज्यादा किसी के चर्चे हैं तो वो हैं डेरिल मिचेल जिन्होंने अपनी बल्लेबाजी से गदर काट दिया है. मिचेल ने बैक-टू-बैक सेंचुरी जमाईं और महज 3 गेंद में 300+ रन टांग दिए. 3 मैच की द्विपक्षीय सीरीज में डेरिल मिचेल का रिकॉर्ड शानदार रहा लेकिन बाबर आजम को पछाड़ने में कामयाब नहीं हुए. इस मामले में बाबर आजम और शुभमन गिल संयुक्त रूप से नंबर-1 पर हैं. मिचेल के आतिशी शतक की बदौलत दोनों न्यूजीलैंड की टीम ने स्कोरबोर्ड पर बड़ा स्कोर टांग दिया.
मिचेल ने ठोका शतक
डेरिल मिचेल ने भारत के खिलाफ पहले वनडे में 84 रन की पारी खेली थी. इसके बाद अगले मुकाबले में 131 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई और अब आखिरी मैच में भी 137 रन बनाए. 3 मैचों की द्विपक्षीय सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वह दूसरे नंबर पर आ चुके हैं. उन्होंने कुल 352 रन बनाए हैं. बात करें बाबर आजम और शुभमन गिल की तो दोनों के नाम 360 रन दर्ज हैं. गिल ने 2023 में घरेलू सीरीज में न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 वनडे की सीरीज में इतना स्कोर किया था जबकि बाबर ने 2016 में यूएई के खिलाफ ये कारनामा किया था.
न्यूजीलैंड ने दिया बड़ा टारगेट
डेरिल मिचेल की पारी के दम पर न्यूजीलैंड की टीम ने 337 रन का पहाड़ बोर्ड पर लगा दिया है. जवाब में टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब देखने को मिली. रोहित शर्मा, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल जैसे दिग्गजों ने जल्दी अपने विकेट गंवा दिए. इसके बाद विराट कोहली और नितीश रेड्डी के बीच की पार्टनरशिप ने टीम इंडिया को पटरी पर वापस लौटाया.
ये भी पढे़ं.. 3 मैच 300 रन.. हफ्तेभर में कोहली की आंखों के सामने छिना ताज! ‘दुश्मन’ बना ये बैटर
भारत के खिलाफ शानदार आंकड़े
भारत के खिलाफ डेरिल मिचेल के आंकड़े शानदार नजर आए हैं. उन्होंने पिछले 7 वनडे मैच में भारत के खिलाफ 4 शतक और 2 फिफ्टी ठोकी हैं. वह भारत में सबसे ज्यादा सेंचुरी ठोकने के मामले में भी दूसरे नंबर पर काबिज हैं. उनके नाम 4 शतकीय पारियां दर्ज हैं जबकि नंबर-1 पर एबी डिविलियर्स हैं जो 5 शतक ठोक चुके हैं.
