Iran-US Tensions: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने चेतावनी दी है कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई पर किसी भी तरह का हमला ईरानी राष्ट्र के खिलाफ पूरी तरह से जंग का ऐलान माना जाएगा. यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयानों के बाद आया है जिनमें उन्होंने ईरान में नई लीडरशिप की जरूरत पर जोर दिया था.
ट्रंप ने खामेनेई को दी थी धमकी
राष्ट्रपति पेजेशकियन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि हमारे महान लीडर पर कोई भी हमला ईरानी देश के खिलाफ पूरी तरह से जंग के बराबर होगा. उनका यह बयान उस समय आया है जब ट्रंप ने शनिवार को अमेरिकी मीडिया आउटलेट पोलिटिको से बातचीत में कहा था कि ईरान में नई लीडरशिप की तलाश करने का समय आ गया है.
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, पेजेशकियन ने अपने बयान में ईरान की मौजूदा आर्थिक मुश्किलों के लिए भी वॉशिंगटन को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि ईरानी जनता जिन कठिनाइयों का सामना कर रही है उनकी मुख्य वजह अमेरिका और उसके सहयोगियों द्वारा की गई लंबे समय से चली आ रही दुश्मनी और अमानवीय प्रतिबंध हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इन पाबंदियों ने ईरान की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की जिंदगी पर गहरा असर डाला है.
दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ रहा तनाव
बता दें, दोनों देशो के बीच तनाव तब और बढ़ गया जब इससे पहले ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने ट्रंप को क्रिमिनल करार दिया था. खामेनेई ने अमेरिका को ईरान में हाल के घरेलू अशांति के दौरान हुई मौतों और संपत्ति के नुकसान के लिए जिम्मेदार ठहराया था. ईरान में बीते हफ्तों में सरकार विरोधी प्रदर्शनों में तेजी आई है, जिनका कारण राजनीतिक दबाव, आर्थिक संकट और मानवाधिकार उल्लंघन बताए जा रहे हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने इन प्रदर्शनों के संदर्भ में ईरान की मौजूदा लीडरशिप पर तीखा हमला बोला. उन्होंने खामेनेई के दशकों पुराने शासन को खत्म करने की मांग करते हुए कहा कि ईरान की सरकार हिंसा और डर के जरिए सत्ता में बनी हुई है. ट्रंप ने कथित फांसी की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उनका अब तक का सबसे अच्छा फैसला दो दिन पहले 800 से ज्यादा लोगों को फांसी न देना था. उन्होंने ईरानी नेतृत्व पर देश को पूरी तरह बर्बाद करने और असहमति को कुचलने के लिए अत्यधिक हिंसा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया.
ये भी पढ़ें: गाजा बोर्ड ऑफ पीस का न्योता: भारत के सामने कूटनीतिक मौका या जोखिम भरा जाल?
डोनाल्ड ट्रंप के व्हाइट हाउस लौटने के बाद से अमेरिका और ईरान के रिश्ते लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं. मैक्सिमम प्रेशर नीति के जारी रहने, प्रतिबंधों और दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच लगातार तीखी बयानबाजी ने द्विपक्षीय संबंधों को और खराब कर दिया है.
