portugal presidential election 2026: पुर्तगाल में राष्ट्रपति चुनाव के पहले दौर के नतीजों ने देश की राजनीति में हलचल मचा दी है. रविवार को हुए चुनाव में कट्टर दक्षिणपंथी और जनता में लोकप्रिय आंद्रे वेंचुरा ने उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है. लगभग 98 प्रतिशत वोटों की गिनती के बाद वेंचुरा को करीब 24 प्रतिशत वोट मिले और वह दूसरे स्थान पर रहे. पहले स्थान पर सेंटर-लेफ्ट सोशलिस्ट उम्मीदवार अंतोनियो जोजे सेगुरो रहे, जिन्हें लगभग 31 प्रतिशत वोट मिले हैं. अब दोनों के बीच 8 फरवरी को दूसरे दौर का मुकाबला होगा. यह नतीजा इसलिए अहम है क्योंकि वेंचुरा की जीत यूरोप में बढ़ती दक्षिणपंथी राजनीति का एक और संकेत मानी जा रही है.
चेगा संसद की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी
आंद्रे वेंचुरा चेगा पार्टी के नेता हैं. इस पार्टी की स्थापना उन्होंने सात साल से भी कम समय पहले की थी. इसके बावजूद पार्टी ने तेजी से लोकप्रियता हासिल की है. पिछले साल हुए संसदीय चुनाव में चेगा संसद की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई थी. वेंचुरा और उनके समर्थक खुद को यूरोप के दूसरे दक्षिणपंथी राष्ट्रवादी दलों से जुड़ा हुआ मानते हैं. फ्रांस, जर्मनी, इटली और स्पेन में इस तरह की पार्टियों के उभार से उन्हें और ताकत मिली है. इस राष्ट्रपति चुनाव में कुल नौ अन्य उम्मीदवार भी मैदान में थे. लेकिन कोई भी 50 प्रतिशत वोट का आंकड़ा पार नहीं कर सका है. इसी वजह से दूसरे दौर की जरूरत पड़ी है.
वेंचुरा का चुनावी अभियान खास तौर पर आव्रजन के मुद्दे पर केंद्रित रहा है. हाल के वर्षों में पुर्तगाल में विदेशी कामगारों की संख्या बढ़ी है. वेंचुरा इसे देश की पहचान के लिए खतरा बताते रहे हैं. उन्होंने चुनाव के दौरान नारे दिए कि “पुर्तगाल हमारा है”. देशभर में लगाए गए उनके पोस्टरों पर लिखा था, “यह बांग्लादेश नहीं है” और “आप्रवासियों को मुफ्त सुविधाओं पर नहीं जीने देना चाहिए.” कुछ साल पहले तक पुर्तगाल में इस तरह की खुली आप्रवासी विरोधी भाषा की कल्पना भी नहीं की जाती थी. लेकिन अब इस सोच को समर्थन मिलने लगा है.
वेंचुरा के उभार ने बड़ी पार्टियों को पहुंचाया नुकसान
वेंचुरा के उभार से पुर्तगाल की दो पार्टियों को नुकसान पहुंचा है. एक है सेंटर-राइट सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी, जो इस समय सरकार में है. दूसरी है सेंटर-लेफ्ट सोशलिस्ट पार्टी, बीते करीब पचास सालों से यही दोनों दल सत्ता में बारी-बारी से रहे हैं. इस चुनाव में केवल एक महिला उम्मीदवार थीं. पुर्तगाल के इतिहास में अब तक कोई महिला या गैर-श्वेत राष्ट्रपति नहीं बना है. यह भी इस चुनाव की एक अहम सच्चाई है.
अगले राष्ट्रपति के सामने कई चुनौतियां होंगी. पिछले तीन सालों में पुर्तगाल में तीन आम चुनाव हो चुके हैं. यह दशकों की सबसे बड़ी राजनीतिक अस्थिरता मानी जा रही है. देश में महंगाई और आवास संकट बड़ा मुद्दा है. मतदाता इन्हीं समस्याओं को ज्यादा गंभीर मानते हैं. राष्ट्रपति की भूमिका भले ही औपचारिक हो, लेकिन उसके पास कानून को वीटो करने और संसद भंग करने जैसे अहम अधिकार होते हैं. 8 फरवरी को होने वाला रनऑफ तय करेगा कि लिस्बन के राष्ट्रपति भवन में अगले पांच साल तक कौन रहेगा.
ये भी पढ़ें: क्या है मुस्लिम ब्रदरहुड? अमेरिका ने घोषित किया आतंकवादी संगठन; UAE खुश, तुर्की के लिए बड़ा झटका
