Holocaust: जर्मनी की राजधानी बर्लिन में मौजूद वांसे झील के किनारे मौजूद एक आलीशान विला में आज ही के दिन यानी 20 जनवरी 1942 को नाजी शासन की वह बैठक हुई, जिसने इंसानी इतिहास के सबसे भयानक अपराध को आखिरी शक्ल दी गई. जी हां इंसानों को बेरहमी के साथ कत्ल करने की योजना बनी और इस कृत्य को एक सुनियोजित प्रशासनिक नीति का रूप दे दिया. इस मीटिंग को इतिहास में ‘वांसे सम्मेलन’ के नाम से जाना जाता है. यहीं पर यूरोप के यहूदियों के सामूहिक नरसंहार, जिसे बाद में ‘होलोकॉस्ट’ कहा गया, को व्यवस्थित रूप से लागू करने की योजना पर अंतिम मुहर लगाई गई थी.
वांसे सम्मेलन में क्या हुआ था?
वांसे सम्मेलन की अध्यक्षता नाजी नेता और एसएस अधिकारी राइनहार्ड हाइड्रिख ने की, जो हिटलर के सबसे क्रूर और प्रभावशाली सहयोगियों में गिना जाता था. बैठक में नाजी शासन के विभिन्न मंत्रालयों और सुरक्षा एजेंसियों के लगभग 15 सीनियर अफसर शामिल थे. इनमें गृह मंत्रालय, न्याय मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और एसएस के शीर्ष अधिकारी थे. यह हकीकत बताती है कि इस नरसंहार को सिर्फ कट्टरपंथी हिंसा नहीं, बल्कि राज्य की पूरी मशीनरी के जरिए समर्थन मिला हुआ था.

प्रशासनिक ढांचे में ढली नफरत
सम्मेलन का मुख्य मकसद तथाकथित ‘यहूदी प्रश्न के अंतिम समाधान’ यानी फाइनल सॉल्यूशन को स्पष्ट करना था. हालांकि इससे पहले भी यहूदियों के उत्पीड़न, गेट्टो में बंदीकरण और सामूहिक हत्याएं शुरू हो चुकी थीं, लेकिन वांसे सम्मेलन ने इन कार्रवाइयों को एक संगठित, कानूनी और प्रशासनिक ढांचे में ढाल दिया. मीटिंग में यूरोप के अलग-अलग देशों में रहने वाले लगभग 1 करोड़ 10 लाख यहूदियों की लिस्ट भी पेश की गई, जिन्हें नाजी योजना के तहत निशाना बनाया जाना था.
मीटिंग में सीधे कत्ल-ए-आम पर हुई चर्चा
वांसे सम्मेलन की सबसे भयावह बात यह थी कि इसमें किसी भी तरह की नैतिक बहस नहीं हुई. यहूदियों की हत्या को एक प्रशासनिक समस्या की तरह देखा गया. किसे कहां भेजना है, परिवहन कैसे होगा, श्रम शिविरों में किसे रखा जाएगा और किसे सीधे मौत के घाट उतार दिया जाएगा. ऑशविट्ज, ट्रेब्लिंका और सोबिबोर जैसे मृत्यु शिविरों में बाद में जो औद्योगिक स्तर की हत्याएं हुईं, उनकी नींव इसी सोच में टिकी हुई थी. इतिहासकार मानते हैं कि वांसे सम्मेलन होलोकॉस्ट की शुरुआत नहीं था लेकिन यह उसका निर्णायक मोड़ जरूर था. इसके बाद नरसंहार और ज्यादा तेज, संगठित और व्यापक हो गया.
नाजियों ने यहूदियों को क्यों मारा?
अब अगर बात करें कि हिटलर ने यहूदियों को क्यों मारा तो इसका कोई सीधा जवाब और कोई एक कारण नहीं है. बल्कि नफरत, झूठी विचारधारा, सत्ता और सिस्टमैटिक हिंसा के घातक मेल में छिपा है. नाजी पार्टी का दावा था कि ‘आर्य नस्ल’ सबसे बेहतर है. जबकि यहूदियों को नस्ली तौर पर हीन और समाज के लिए खतरा बताया गया.
होलोकास्ट से पहले क्या-क्या किया?
हिटलर यहूदियों से व्यक्तिगत और वैचारिक नफरत भी करता था. उसने जर्मनी की हार, आर्थिक संकट और बेरोजगारी के लिए भी यहूदियों को मुजरिम ठहराया. सत्ता मिलते ही यह नफरत नीति बन गई. इसके बाद नाजी पार्टी ने यहूदियों को देशद्रोही, बीमारी फैलाने वाले, पूंजीवादी शोषक के रूप में दिखाया. लगातार झूठ दोहराकर समाज को हिंसा के लिए तैयार किया गया. कत्लेआम की शुरुआत से पहले नागरिक अधिकार छीने गए, फिर सामाजिक बहिष्कार, आखिर में होलोकॉस्ट यानी उस नरसंहार का आगाज हुआ.
