News in Brief

WPL 2026: महिला प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम जीत की पटरी पर सवार है. सोमवार, 19 जनवरी को WPL 2026 के 12वें मुकाबले में RCB ने गुजरात जायंट्स को 61 रनों से रौंदकर टूर्नामेंट में ना सिर्फ लगातार 5वीं जीत हासिल की, बल्कि प्लेऑफ में भी अपनी सीट कन्फर्म कर ली है. नवी मुंबई में धमाल मचाने के बाद स्मृति मंधाना की अगुवाई वाली टीम ने वडोदरा में भी जीत के साथ आगाज किया. वहीं, शर्मनाक हार के बाद जायंट्स की कप्तान एशले गार्डनर काफी निराश दिखीं. उन्होंने छूटे मौकों और कैच को हार का कारण बताया. इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि टीम को जल्द से जल्द एकजुट होकर शेष दो मैच जीतने होंगे.

कप्तान गार्डनर ने किसपर फोड़ा हार का ठीकरा 

आरसीबी के हाथों करारी हार के बाद  गुजरात जायंट्स की कप्तान गार्डनर ने कहा, “यह बहुत निराशाजनक है. जब आप कैच छोड़ते हैं और वे रन बनाते, ये वे छोटे-छोटे पल हैं जिनमें हम अभी जीत नहीं पा रहे हैं. हमें आखिरी दो मैच जीतने होंगे, लेकिन यह निराशाजनक है. आपको लड़ना होगा, इस मैच से बहुत कुछ सीखने को मिला है, जो एक अच्छी बात है, लेकिन हार के बाद यहां खड़े होना अच्छा नहीं है.”

Add Zee News as a Preferred Source

अपनी नजरिए के बारे में बताते हुए, जायंट्स की कप्तान ने आगे कहा कि पिच की असंगत उछाल ने उनकी योजनाओं को प्रभावित किया, और उन्होंने स्मृति मंधाना के खिलाफ खुद को एक बेहतर मैच-अप मानते हुए उन्हें लाइन के पार खेलने के लिए उकसाया.

उन्होंने कहा, “हमें पता था कि हमें विकेट का फायदा उठाना है. बाउंस जरूरी नहीं कि सही हो. उछाल असंगत था, मैं स्मृति के खिलाफ एक अच्छा मैचअप हूं. बस उनसे लाइन के पार खेलने के लिए कह रही थी, यह जानते हुए कि वह विकेट के स्क्वायर पर अच्छी हैं.”

गौतमी नाइक ने बनाए 73 रन

बीसीए स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 6 विकेट खोकर 178 रन बनाए. इस टीम के लिए गौतमी नाइक ने सर्वाधिक 73 रन बनाए, जबकि ऋचा घोष ने 27 रन की पारी खेली. विपक्षी खेमे से काशवी गौतम और एश्ले गार्डनर ने 2-2 सफलताएं हासिल कीं.

इसके जवाब में गुजरात जायंट्स 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 117 रन ही बना सकी. इस टीम के लिए एश्ले गार्डनर ने 43 गेंदों में सर्वाधिक 54 रन बनाए, जबकि अनुष्का शर्मा ने 18 रन की पारी खेली. आरसीबी की ओर से सयाली ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि नादिन डी क्लार्क ने 2 विकेट निकाले. इस जीत के साथ आरसीबी ने अगले दौर में प्रवेश कर लिया है.