Sunita Williams on Moon Mission: नासा की प्रसिद्ध अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स को उनकी बहादुरी, अनुशासन और आत्मविश्वास के लिए पूरी दुनिया जानती है. वे हाल में उस समय चर्चा में आई थीं. जब कुछ दिनों का उनका अंतरिक्ष मिशन अनजाने में साढ़े नौ महीने लंबा हो गया. इस तकनीकी गड़बड़ी की वजह से उन्हें अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर अधिक समय तक रुकना पड़ा. इस दौरान पूरी दुनिया यह सोचने लगी कि क्या वे अंतरिक्ष में फंस गई हैं, लेकिन सुनीता ने आत्मविश्वास नहीं खोया और बाद में सुरक्षित तरीके से धरती पर वापस लौट आईं.
मुझे नासा की टीम पर पूरा भरोसा था- सुनीता विलियम्स
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरिक्ष में फंसने का अनुभव बताते हुए सुनीता ने कहा कि उन्हें ऐसा नहीं लगा कि वे अकेली या असहाय हैं. उन्हें अंतरिक्ष यान बनाने की प्रक्रिया और नासा की टीम पर पूरा भरोसा था. सुनीता ने बताया कि यह बोइंग स्टारलाइनर का पहला मानवयुक्त मिशन था. इसलिए तकनीकी दिक्कतें आना स्वाभाविक था.
उन्होंने बताया कि यान के थ्रस्टर में अचानक समस्या आ गई थी. जिसकी वजह से वह वापस नहीं लौट पाया. इसके बावजूद सुनीता और उनके साथी पहले से हर स्थिति के लिए तैयार थे. वे जानते थे कि हर हाल में उनके पास धरती पर लौटने का कोई न कोई सुरक्षित तरीका मौजूद है.
‘डॉकिंग के समय हालात थे चुनौतीपूर्ण’
सुनीता के अनुसार, डॉकिंग के समय हालात थोड़े चुनौतीपूर्ण जरूर थे. लेकिन सुनीता और उनके साथी बुच विलमोर ने घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लिया. उन्होंने बताया कि अगर जरूरत पड़ती तो वे मैन्युअल डॉकिंग भी कर सकते थे. उनका मानना है कि अंतरिक्ष में सफलता धैर्य और सही निर्णय पर निर्भर करती है. उन्होंने कहा, “मैं सही समय पर सही जगह थी, और यही सबसे बड़ी बात थी.”
भले ही यह मिशन उम्मीद के अनुसार न रहा हो. इसके बावजूद अंतरिक्ष के प्रति सुनीता का उत्साह आज भी कम नहीं हुआ है. वे नासा के आने वाले आर्टेमिस मिशन को लेकर बेहद उत्साहित हैं. जिसके जरिए इंसान दोबारा चाँद पर कदम रखेगा. सुनीता का मानना है कि यह मिशन भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों की नींव रखेगा.
‘मैं चांद पर जाना पसंद करूंगी लेकिन…’
अब 60 वर्ष की हो चुकी सुनीता विलियम्स नासा के एस्ट्रोनॉट्स पूल से रिटायर हो चुकी हैं. इसके बावजूद उनके अपार अनुभव को देखते हुए प्राइवेट सेक्टर में अब भी उनके लिए मौके मौजूद हैं. क्या वे भी मून मिशन पर जाना पसंद करेंगी. इस सवाल के जवाब में सुनीता ने खासा दिलचस्प जवाब दिया.
उन्होंने कहा,’ मैं चांद पर जाना बहुत पसंद करूंगी. लेकिन मेरे पति मुझे मार डालेंगे.’ यह कहते हुए सुनीता विलियम्स खिलखिलाकर हंस पड़ीं. इसके बाद उनके चेहरे पर गंभीर मुस्कान आ गई है. उन्होंने कहा कि अब घर लौटने का समय आ गया है. अब समय अगली पीढ़ी को मशाल सौंपने का है. अंतरिक्ष की दुनिया में अब नई पीढ़ी को अपनी जगह बनानी है.
‘स्पेस सेक्टर में भारत जल्द लगाएगा बड़ी छलांग’
भारत के बारे में बात करते हुए सुनीता विलियम्स बोलीं, ‘भारत में जो कुछ हो रहा है, उसे लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं. पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका और भारत के बीच जो सहयोग देखने को मिला है. वह बेहद सराहनीय है. संभावनाओं की कोई सीमा नहीं है.’
उन्होंने भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान का खुलकर समर्थन किया. सुनीता ने कहा कि भारत जल्द ही स्पेस में अगली बड़ी छलांग लगाने में कामयाब होगा. इस सपने को साकार करने के लिए देश के ज्यादा युवाओं और महिलाओं को विज्ञान- तकनीक के क्षेत्र में आगे आना होगा.
‘स्पेस में फंसने के दौरान साथ थे भगवान गणपति’
बताते चलें कि सुनीता विलियम्स का परिवार गुजराती मूल का है. उनका विवाह से पहले का नाम पंड्या था. वे समोसा खाना बेहद पसंद करती हैं. वे अपनी भारतीय जड़ों पर खुलकर गर्व जताती हैं. अपने अंतरिक्ष मिशनों के दौरान वे भगवान गणेश की मूर्ति, भगवद गीता की प्रति और भारतीय स्नैक्स भी अपने साथ ले गई थीं.
स्टारलाइनर मिशन के दौरान स्पेस में फंसने का अनुभव बताते हुए सुनीता विलियम्स भावुक हो गईं. उन्होंने कहा कि स्पेस में फंसने के दौरान भी श्रीगणेश उनके साथ थे. वे जब भी गणपति के बारे में सोचती हैं तो उन्हें अपने पिता की याद आ जाती है. जिन्होंने उन्हें भारतीय संस्कृति से जोड़ा और यही उनके जीवन का सबसे बड़ा आशीर्वाद साबित हुआ. उन्होंने भारत में स्पेस सेक्टर को बढ़ावा देने में पीएम नरेंद्र मोदी की नीतियों की भी खुलकर सराहना की.
